चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन में लाइब्रेरी और सामुदायिक भवन का लोकार्पण
आईजी गौरव श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों के कल्याण हेतु आधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित लाइब्रेरी और सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया।

चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिलापट्ट का अनावरण करते आईजी गौरव श्रीवास्तव, एसपी मनीष त्रिपाठी और अन्य अतिथि।
चित्तौड़गढ़ में पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनके समग्र विकास को नई दिशा देते हुए पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित लाइब्रेरी एवं सामुदायिक भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने विधिवत फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर इन दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के यूनिट हेड उत्तम राय द्वारा निर्मित वातानुकूलित लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। यह लाइब्रेरी राजस्थान पुलिस के कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों तथा उनके परिवारजनों को समर्पित है, जहां अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, संदर्भ सामग्री, समाचार-पत्र एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे ज्ञानार्जन और आत्मविकास के बेहतर अवसर सुनिश्चित होंगे।
इसी क्रम में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के लोकेशन हेड आलोक रंजन द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। यह भवन राजस्थान पुलिस के कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों को समर्पित है और विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके परिवारजनों के विकास के लिए इस प्रकार की आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सशक्त एवं सकारात्मक कार्य वातावरण से पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ आमजन को बेहतर पुलिस सेवा के रूप में प्राप्त होता है। उन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत किए गए सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, पुलिस उप अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जो पुलिस बल के सुदृढ़ीकरण और कल्याण की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में स्थापित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
