आगामी बारावफात एवं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने प्रमुख मार्गों और बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च में पुलिस लाइन का जाप्ता, पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ का जाप्ता, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा एमबीसी का जाप्ता शामिल रहा।

फ्लैग मार्च गोल प्याऊ से शुरू होकर पावटा चौक, सदर बाजार और सुभाष चौक होते हुए पुनः गोल प्याऊ पहुंचा। इस दौरान पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट एवं संदेशों की निगरानी की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह या भ्रामक संदेश को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड नहीं करें तथा ऐसी किसी भी सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया है। प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया। साथ ही आमजन से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story