चित्तौड़गढ़ में 32 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ नष्ट, 17 थानों के 52 मामलों की जब्ती जलाई गई
चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 17 पुलिस थानों के 52 मामलों में जब्त 32 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ वंडर सीमेंट की कीलन में नष्ट किए गए। जानिए पूरी कार्रवाई।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ पुलिस और जिला औषधि व्ययन समिति के अधिकारी निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट प्लांट में कर्मचारियों द्वारा बोरों से मादक पदार्थों को नष्टीकरण के लिए डालते हुए निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले के 17 पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए अवैध अफीम डोडा चूरा, गांजा, स्मैक और अफीम के पौधों को न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं निर्णय के बाद गुरुवार को पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा थाना निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में 17 पुलिस थानों के 52 प्रकरणों में जब्त 32 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।
पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में अवैध डोडा चूरा, गांजा, स्मैक तथा अफीम के पौधे शामिल थे। एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न पुलिस थानों के मालखाने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त मादक पदार्थों एवं वाहनों से पूरी तरह भर चुके थे, जिससे अन्य जब्तशुदा माल रखने में कठिनाई हो रही थी। माल निस्तारण तथा थानों को व्यवस्थित और स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की नॉन एसआर शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से माल निस्तारण के प्रस्ताव प्राप्त कर आवश्यक रिकॉर्ड तैयार किया गया।
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, डीएसपी निंबाहेड़ा शिवप्रकाश टेलर, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी सदर निंबाहेड़ा संजय शर्मा, कोतवाली निंबाहेड़ा रामसुमेर मीणा, संबंधित 17 थानों के थानाधिकारी, मालखाना प्रभारी, नॉन एसआर शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार तथा कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी आवश्यक रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद जब्त मादक पदार्थों का वजन किया गया। नष्टीकरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे, इसके लिए वजन से लेकर मादक पदार्थों को नष्ट करने तक की संपूर्ण कार्रवाई की एएसआई सत्यनारायण द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करवाई गई। इस कार्रवाई के साथ 17 पुलिस थानों के 52 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण कर मालखानों में स्थान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
