निम्बाहेड़ा। राज्य स्तरीय मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 17 पुलिस थानों में दर्ज 47 प्रकरणों में जब्त 42 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। इनमें डोडाचूरा, गांजा, एमडीएमए और स्मैक शामिल हैं। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 07 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए एक दिवसीय मादक पदार्थ निस्तारण अभियान के तहत न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं आवश्यक निर्णय के बाद जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा गुरुवार को जब्त मादक पदार्थों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नष्टीकरण किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में शंभूपुरा थाना क्षेत्र के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन में मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न पुलिस थानों के मालखानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थ एवं अन्य जब्त माल लंबे समय से संधारित होने के कारण मालखानों में जगह की समस्या उत्पन्न हो रही थी। जब्त माल के विधिसम्मत निस्तारण तथा पुलिस थानों के मालखानों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की नॉन एसआर शाखा द्वारा संबंधित थानों से प्रस्ताव प्राप्त कर आवश्यक रिकॉर्ड तैयार किया गया।

न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं निर्णय के बाद जिला औषधि व्ययन समिति ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कुल 47 प्रकरणों में जब्त 42 क्विंटल 08 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ और गांजे के 400 पौधों का नष्टीकरण किया।

नष्टीकरण किए गए मादक पदार्थों में 39 प्रकरणों में 42 क्विंटल 05 किलोग्राम 183 ग्राम डोडाचूरा, 4 प्रकरणों में 01 किलोग्राम 175 ग्राम गांजा, 01 प्रकरण में 123 ग्राम एमडीएमए, 01 प्रकरण में 56 ग्राम हेरोइन तथा 02 प्रकरणों में 1.582 किलो एवं 400 गांजे के पौधे शामिल हैं। उक्त मादक पदार्थ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में तस्करों के कब्जे से जब्त किए गए थे।

नष्टीकरण की कार्रवाई जिले के थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़, सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, बस्सी, आकोला, रावतभाटा, बेगूं, पारसोली, भूपालसागर, शंभूपुरा, बिजयपुर, कनेरा, चंदेरिया, बड़ीसादड़ी, जावदा एवं भदेसर के कुल 47 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के संबंध में की गई।

पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए नष्टीकरण से पूर्व संबंधित प्रकरणों के रिकॉर्ड का मिलान किया गया और जब्त मादक पदार्थों का विधिवत वजन कराया गया। मादक पदार्थों के वजन, सत्यापन एवं नष्टीकरण की सम्पूर्ण प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र सिंह, डीएसपी भदेसर श्री विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक श्री जोधाराम, शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज, संबंधित 17 थानों के थानाधिकारी एवं मालखाना प्रभारी, नॉन एसआर शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार सहित पुलिस कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

साथ ही अल्ट्राटेक सीमेंट के एचआर हेड नितेश राठी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धीरेन्द्र राठौड एवं पर्यावरण विभाग के नरेन्द्र भट्ट आदि अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।

चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों के विधिसम्मत निस्तारण की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण, मालखाना प्रबंधन एवं प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story