चित्तौड़गढ़। शहर के निकट हाइवे पर बुधवार को पुलिस नाकाबंदी के दौरान बेरीकेट्स को टक्कर मार कर भागे वाहन ने पुलिस को खूब छकाया। करीब 20 किलोमीटर तक शहर की गलियों में पुलिस कार का पीछा करती रही। बाद में पुलिस ने कार को बड़ी मुश्किल से निंबाहेड़ा हाइवे पर रुकवाया, कार चालक ने पुलिस के 112 वाहन को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने दो युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनमें से एक युवक नाबालिग बताया है। वहीं विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

नाकाबंदी तोड़कर भागने की घटना

चित्तौड़गढ़ सदर पुलिस ने बताया कि:

  • बुधवार को पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल सुरेंद्रसिंह ने बोजुंदा पुलिया पर कोटा-उदयपुर हाईवे पर नाकाबंदी की थी।
  • इस दौरान कोटा की ओर से एक कार आई थी, जिसे रुकने का इशारा किया था।
  • लेकिन कार के चालक गति बढ़ाते हुए पुलिस बेरीकेट्स को टक्कर मार कर भाग निकला।

20 किलोमीटर तक पुलिस को छकाया

कार में संदिग्ध वस्तु होने की आशंका के चलते पुलिस ने पीछा किया। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम पर कार के संबंध में सूचना की गई। कार सवार भीलवाड़ा हाईवे से लक्ष्मीपुरा व बराड़ा गांव में होते हुए शहर में आ गए। बाद में इन्होंने शहर के सेंती, सेगवा हाउसिंग बोर्ड, मधुवन, महेशपुर आदि क्षेत्र में काफी तेज गति से कार को भगाया।

पीछा कर रहे हेड कांस्टेबल की सूचना पर सदर थाने की गाड़ी भी पीछा करने लगी। कार सवार निंबाहेड़ा हाईवे पर चित्तौड़गढ़ शहर की ओर जाने लगा। इस पर पुलिस जाब्ते ने शिव भोजनालय के यहां दो जीप को आगे लगा कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन कार चालक ने पुलिस के वाहन को ही टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इसमें किसी को चोट नहीं लगी।

गिरफ्तारी और आरोपी का विवरण

पुलिस ने मौके से दो युवकों को डिटेन किया। पुलिस ने कार की भी तलाशी ली लेकिन उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ना ही दोनों ही कार सवार युवकों के पास कुछ था। पुलिस इन दोनों ही युवकों को शांति भंग में गिरफ्तार कर अनुसंधान में जुटी हुई है।

  • मुख्य आरोपी (नाबालिग): इसमें से एक युवक जो कार चला रहा था वह नाबालिक बताया गया।
  • सह-आरोपी: पुलिस ने इसके साथी विजयपुर थाना अंतर्गत सादी गांव निवासी जयेश पुत्र नारायण लाल जाट को गिरफ्तार किया है।

कानूनी कार्यवाही और घायल की रिपोर्ट

नाकाबंदी कर रहे हेड कांस्टेबल सुरेंद्रसिंह की ओर से कार सवार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी गई है। इनके खिलाफ राज्य कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर के अनुसंधान किया जा रहा है।

इधर, जानकारी में सामने आया कि मधुवन क्षेत्र में सफाई कर्मी अक्षय मार्ग पर सफाई कर रहा था, जिसे कार ने चपेट में ले लिया, जिसके पैर पर गंभीर चोट लगी। इसे उपचार के लिए श्री सांवलिया जी राजकीय सामान्य चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। घायल की ओर से भी पुलिस थाने में रिपोर्ट दी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story