बस्सी। जिला विशेष टीम चित्तौड़गढ़ एवं बस्सी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया और साइबर गतिविधियों पर निगरानी के दौरान पाकिस्तानी गैंगस्टरों को सोशल मीडिया पर फॉलो करने और उनकी रील लाइक करने के मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर मामले में जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल और थानाधिकारी बस्सी प्रेम सिंह जादौन के निर्देशन में एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में जाप्ते की एक टीम गठित की गई थी। टीम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग करते हुए अपराधियों को चिन्हित करने और गैंगस्टर एवं अपराधियों को फॉलो करने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।

इसी दौरान एएसआई सूरज कुमार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से कुछ इनपुट मिले। इन निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक संदिग्ध युवक को डिटेन किया। पूछताछ में उसने अपना नाम जगदीश मीणा पुत्र मनोहर मीणा, निवासी बलदरखा, थाना बस्सी बताया।

पुलिस के अनुसार, जगदीश मीणा के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वह कई बार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, अजमल गुर्जर और जफर सुपारी जैसे देश विरोधी लोगों की इंस्टाग्राम आईडी को फॉलो कर चुका है और उनकी रील भी लाइक कर रखी हैं। इसके बाद संदिग्ध युवक का मोबाइल फोन चेक किया गया। पुलिस को मोबाइल में शहजाद भट्टी, अजमल गुर्जर और जफर सुपारी, जो पाकिस्तान के गैंगस्टर से संबंध रखते हैं, की इंस्टाग्राम आईडी फॉलो मिलीं। साथ ही उनके द्वारा सोशल साइट पर डाली गई रील भी लाइक की हुई मिलीं।

इसके बाद युवक को डिटेन कर आवश्यक पूछताछ की गई और गिरफ्तार कर लिया गया। उसके मोबाइल को जब्त कर लिया गया है। मामले में विशेष सतर्कता टीम द्वारा जांच कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इससे पूर्व भी आईबी की सूचना पर शहजाद भट्टी, अजमल गुर्जर और जफर सुपारी जैसे पाकिस्तानी गैंगस्टरों को फॉलो और लाइक करने के मामले में किरण सिंह चौहान पुत्र भगवत सिंह चौहान, निवासी दौलतपुरा, थाना पारसोली को डीएसटी चित्तौड़गढ़ द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उसकी भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में जिला विशेष टीम के प्रभारी एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्ण कांत, अशोक, जगदीश, रामकेश, देवेंद्र, वीरेंद्र और सुरेश सुंडा शामिल रहे। पुलिस थाना बस्सी की टीम में थानाधिकारी प्रेम सिंह जादौन तथा कांस्टेबल नद किशोर और मटुल कुमार शामिल रहे। साइबर सेल की टीम में पुलिस निरीक्षक सुमन कुमार, एएसआई राजकुमार तथा कांस्टेबल राम नरेश और रामनिवास शामिल रहे।

जिला पुलिस ने आमजन और नवयुवकों से अपील की है कि किसी भी गैंगस्टर अथवा अपराधी को सोशल मीडिया पर फॉलो या लाइक नहीं करें और न ही उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों को बढ़ावा दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story