बस्सी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर एच.एस. सोनू सुथार को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच कुछ असामाजिक तत्व झूठी शान दिखाने और आमजन में भय व्याप्त कर अपना रुतबा जमाने के उद्देश्य से हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर हथियारों का प्रदर्शन, भ्रामक सामग्री का प्रसारण, गुण्डागर्दी प्रदर्शित करने अथवा अपराध का महिमामंडन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी बस्सी प्रेमसिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं निगरानी के आधार पर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान सुनिश्चित की।

मंगलवार को एच.एस. सोनू पिता शांति लाल सुथार, उम्र 32 वर्ष, निवासी सुधार मोहल्ला, बस्सी, पुलिस थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ को सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय व्याप्त करने के आरोप में शांति भंग में गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में एएसआई भैरूलाल, कानि. विजेश तथा शोभाग शामिल रहे।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के हथियारों अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वाली फोटो, वीडियो या अन्य कोई भ्रामक सामग्री पोस्ट, साझा या प्रसारित नहीं करें। अपराधियों का महिमामंडन करने अथवा आमजन में भय, असुरक्षा और दहशत का माहौल उत्पन्न करने वाली सामग्री का प्रसारण कानूनन दंडनीय है तथा ऐसा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story