बस्सी। प्रातकाल संवाददाता। मेढ़की महादेव एवं सेमलपुरा घाटा बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं एवं दम्पत्तियों को निशाना बनाकर लूट की वारदात करने वाली गैंग के मुख्य आरोपी को जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थी भेरू लाल प्रजापत निवासी रामदेव जी का चंदेरिया ने कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाने पर लिखित रिपोर्ट दी थी कि 05 जून 2026 को वह गीता देवी के साथ करूंदा लाने के लिए सेमलपुरा घाटा की तरफ गए थे। वहां हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों करूंदा तोड़ रहे थे। इसी दौरान तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और दोनों के साथ मारपीट कर दो मोबाइल फोन, गीता देवी के नाक और कान में पहने सोने के जेवरात, कान में पहनी 02 सोने की बालियां, सोने का मंगलसूत्र और नकदी लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया और प्रकरण का अनुसंधान एएसआई नवलराम ने शुरू किया।

मिंडकी महादेव एवं सेमलपुरा घाटा पर इसी प्रकार की घटनाएं लगातार होने से मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा एवं डीएसपी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में वारदातों के खुलासे के लिए जिला विशेष टीम और थानाधिकारी कोतवाली चित्तौड़गढ़ रजनीश कुमार मय जाप्ता की टीम गठित की गई।

गठित टीम ने घटनास्थल के रूट का पता किया तथा इसी तरह की वारदात करने वाले पुराने चालानशुदा अपराधियों का रिकॉर्ड प्राप्त किया। घटनास्थल से तकनीकी रूप से साक्ष्य एकत्र किए गए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर घटना करने वाले तीनों मुल्जिमों को नामजद किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर वारदात करने वाले मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त रघुवीर पिता इंद्र मल कन्जर निवासी मंडावरी थाना बेंगू है। उक्त वारदात के दो मुल्जिमों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनसे घटना का सम्पूर्ण माल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गैंग के मुख्य अभियुक्त रघुवीर कंजर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस्सी थाने के मेढ़की महादेव, मेनाल बेगू और सेमलपुरा घाटा में महिलाओं से लूट की 6 वारदात करना स्वीकार किया है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।

वारदातों का खुलासा करने वाली टीम में थानाधिकारी रजनीश कुमार, एएसआई नवल राम और हेमेन्द्रसिंह शामिल रहे। जिला विशेष टीम में पुलिस निरीक्षक जोधाराम प्रभारी तथा कांस्टेबल रामावतार, सुनील, दुर्गेश, पुरखा राम, मुकेश, साहिल, राकेश पदम, जोगेन्द्र और ललित सिंह शामिल रहे।

Next Story