24 घंटे में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पारसोली पुलिस ने काला का झोपड़ा से पकड़ा
पारसोली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी जीतमल रेगर को काला का झोपड़ा से गिरफ्तार किया।

चित्तौड़गढ़ के पारसोली थाना पुलिस की गिरफ्त में 20 अगस्त को पुत्र की हत्या करने के आरोप में पकड़ा गया 62 वर्षीय आरोपी जीतमल रेगर।
बस्सी। प्रातकाल संवाददाता। पारसोली थाना पुलिस ने हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने विशेष प्रयास करते हुए आरोपी को सरहद काला का झोपड़ा से डिटेन किया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पारसोली थाने पर 21 अगस्त 2026 को प्रार्थीया अनिता पत्नी राजु लाल रेगर, निवासी शंभुपुरा (बिछोर), ने रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 अगस्त 2026 को शाम करीब 7-8 बजे उसके पति राजु लाल के साथ उसके ससुर जीतमल रेगर ने लकड़ी के डंडे से मारपीट की, जिससे उसके पति की रात्रि में मृत्यु हो गई। रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बेगू अंकित कुड़ी के निकटतम सुपरविजन में थाना अधिकारी पारसोली आशुतोष सिंह के नेतृत्व में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई और पुलिस टीम ने उसकी तलाश के लिए आसूचना एकत्रित की।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने पास मोबाइल नहीं रखता था। इसके बावजूद टीम ने विशेष प्रयास करते हुए नामजद आरोपी की तलाश की और उसे सरहद काला का झोपड़ा से डिटेन कर लिया। प्रकरण में डिटेन किए गए आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीतमल रेगर पिता तुलछा, जाति रेगर, उम्र 62 साल, निवासी शंभुपुरा, पुलिस थाना पारसोली, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारशुदा आरोपी से प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
पारसोली थाना पुलिस की कार्रवाई में थानाधिकारी आशुतोष सिंह के साथ कांस्टेबल रमेश विश्नोई, दिनेश सियाग, रघुवीर और सोनाराम शामिल रहे। हत्या के प्रकरण में पुलिस द्वारा घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
