चित्तौड़गढ़ में पंचायती राज चुनाव की तैयारियां तेज, 1133 केंद्र बनाए
राज्य निर्वाचन आयुक्त की समीक्षा बैठक के बाद जिला कलक्टर ने सुरक्षा, ईवीएम और 7,000 चुनाव कर्मियों की तैनाती की योजना जारी की।

चित्तौड़गढ़ में जिला निर्वाचन अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक की तस्वीर।
चित्तौड़गढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के संभागीय आयुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चित्तौड़गढ़ में जिला परिषद के 35, पंचायत समितियों के 199 और 359 ग्राम पंचायतों के 3159 वार्डों में निर्वाचन प्रस्तावित है। जिले में 1131 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिससे कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1133 हो गई है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले में निर्वाचन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10,245 पदों के लिए निर्वाचन संपन्न कराया गया था, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में लगभग 1.55 लाख पदों के लिए निर्वाचन होना है। निर्वाचन के व्यापक दायरे को देखते हुए उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूरी करने के निर्देश दिए।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।
जिले में 1133 मतदान केंद्र निर्धारित
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में जिला परिषद के 35 वार्डों, पंचायत समितियों के 199 वार्डों तथा 359 ग्राम पंचायतों के 3159 वार्डों में निर्वाचन प्रस्तावित है। जिले में 1131 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक कपासन तथा दूसरा चित्तौड़गढ़ में स्थित है। इस प्रकार जिले में कुल 1133 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करवाया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कानून-व्यवस्था के लिए तैयारियां, 3500 शस्त्र जमा
डॉ. मंजू ने बताया कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित की जा चुकी है तथा निषेधाज्ञा जारी करने की कार्यवाही की जा रही है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 7340 शस्त्र लाइसेंसधारियों में से लगभग 3500 के शस्त्र जमा करवाए जा चुके हैं। शस्त्र जमा कराने से छूट प्राप्त करने के लिए अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
7000 कार्मिक नियुक्त, मतदान के लिए 277 बसों की जरूरत
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों के गठन के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्वाचन कार्य के लिए लगभग 7000 अधिकारियों एवं कार्मिकों की नियुक्ति की जा चुकी है। मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
मतदान दलों के आवागमन के लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। परिवहन व्यवस्था के लिए 277 बसों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। मतदान दलों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और मतदान के बाद वापस लाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
स्ट्रांग रूम और निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के इंतजाम
डॉ. मंजू ने बताया कि शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राउमावि में स्ट्रांग रूम, मतदान दलों की रवानगी तथा निर्वाचन सामग्री के संग्रहण की योजना तैयार कर ली गई है। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम के संकलन के लिए उपखंड स्तर पर अस्थायी स्ट्रांग रूम का चयन किया गया है।
इन केंद्रों पर ईवीएम के संकलन के बाद उन्हें पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के साथ जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम तक लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में उपयोग के लिए ईवीएम एवं मतपेटियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं वितरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
11 अक्टूबर को फर्म को उपलब्ध करवाई जाएंगी मतदाता सूचियां
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए 9 अक्टूबर तक प्राप्त आवेदनों का निस्तारण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। मतदाता सूचियों के मुद्रण के लिए 11 अक्टूबर को सूचियां अनुबंधित फर्म को उपलब्ध करवाने की योजना है।
मुद्रित मतदाता सूचियां प्राप्त होने के बाद रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान दलों के लिए कार्यशील प्रतियां समय पर तैयार की जाएंगी, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए।
18 हजार विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए सुविधाएं
डॉ. मंजू ने बताया कि जिले में लगभग 18 हजार विशेष योग्यजन मतदाता हैं। इनके लिए मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे सुगमतापूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए जिले में निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएंगी।
रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया का प्रशिक्षण
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा करने तथा नाम वापसी की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संवीक्षा के दौरान नाम निर्देशन पत्रों की जांच के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार नाम निर्देशन पत्र स्वीकार अथवा अस्वीकार करने की प्रक्रिया स्पष्ट की गई। अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलों में की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चन्द्र धाकड़, विशेषाधिकारी निर्वाचन रविन्द्र मेघवाल, सचिव नगर विकास न्यास कैलाश चन्द्र गुर्जर, भूमि आवाप्ति अधिकारी नगर विकास न्यास अंशुल आमेरिया, उपखंड अधिकारी बेगूं अंकित सामरिया, कोषाधिकारी राघव शर्मा तथा कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास उपस्थित रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
