पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। विकास अधिकारी जितेन्द्र सिंह चुण्डावत ने बताया कि बैठक की शुरुआत गत कार्यवाही विवरण पढ़कर सुनाए जाने से हुई, जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

बैठक में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों का फीडबैक लिया और अधिकारियों को सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग के तहत स्वीकृत तथा नवीन स्वीकृत कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उपस्थित प्रशासकों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विधायक आक्या ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता भरत नामा को क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराने, सिंगल एवं थ्री-फेस विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने तथा ट्रांसफार्मर चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। बैठक में वन अधिकार अभियान-2026 सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

बैठक के अंत में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया तथा हाथों में तिरंगा झंडा लेकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अंशुल भटनागर, सहायक अभियंता भरत व्यास, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शम्भुलाल सोमानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की अनुशंसा पर राजस्थान सरकार ने 10 करोड़ रुपये की लागत से मिसिंग लिंक सड़क एवं नॉन पेचेबल सड़क कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत नवीन सड़कों में मेवासा में 0.600 किमी सीसी सड़क निर्माण के लिए 76 लाख रुपये, सिंदवड़ी से चरलिया-कारूण्डा रोड तक 1.500 किमी सड़क के लिए 106 लाख रुपये, बड़ोदिया-चौगावड़ी रोड से आमोलिया तक 3 किमी सड़क निर्माण के लिए 215 लाख रुपये तथा बड़ली की ढाणी से धनेश्वर महादेव तक 1.500 किमी सड़क के लिए 105 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई।

इसी क्रम में नॉन पेचेबल सड़क कार्यों के तहत सेगवा में 0.450 किमी सड़क के लिए 18 लाख रुपये, सोनगर से दुवावा तक 2 किमी सड़क के लिए 78 लाख रुपये, मोडिया महादेव से उन्दरी तक 1.100 किमी सड़क के लिए 43 लाख रुपये, संपर्क सड़क रघुनाथपुरा 1.050 किमी के लिए 41 लाख रुपये, धराणा से बड़सिंहजी का गुढ़ा तक 0.700 किमी सड़क के लिए 28 लाख रुपये, संपर्क सड़क रोलाहेड़ा 4 किमी के लिए 156 लाख रुपये, चाम्पाखेड़ी से अमरपुरा तक 0.750 किमी सड़क के लिए 30 लाख रुपये, भदेसर-लसड़ावन रोड से पीपली गुढ़ा तक 1.400 किमी सड़क के लिए 54 लाख रुपये तथा पंचायत समिति भदेसर से हॉस्पिटल तक 1 किमी नॉन पेचेबल सड़क कार्य के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आधारभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story