चित्तौड़गढ़। जिले में गांवों की सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में बड़ी संख्या में दावेदारों और प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के दौरान जिला और उपखंड मुख्यालयों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला।

विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और निर्दलीय दावेदार सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट और उपखंड कार्यालय पहुंचे। प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ रैलियां निकालीं। समर्थकों ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। बाहर समर्थकों का हुजूम और उत्साह दिखाई दिया, लेकिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नामांकन कक्ष में केवल प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश दिया गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर नामांकन की औपचारिकताएं पूरी कीं।

चित्तौड़गढ़ की 11 पंचायत समितियों और 359 ग्राम पंचायतों में चुनाव की तारीखें नजदीक आने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल गर्माने लगा है। आरक्षण व्यवस्था स्पष्ट होने के बाद गांवों की चौपालों और चाय की थड़ियों पर चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा जारी है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की छंटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है।

पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के सदस्य पद के लिए बुधवार को वार्ड संख्या 1 से 29 तक कुल 35 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित समय के दौरान 64 लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए थे, लेकिन अब तक केवल 35 अभ्यर्थियों ने ही अपने नामांकन जमा किए हैं। ऐसे में कई दावेदारों ने अभी तक चुनाव मैदान में उतरने को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

राजनीतिक दलों में भी टिकट वितरण को लेकर मंथन जारी है। भाजपा और कांग्रेस अपने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर रही हैं। वहीं, कई वार्डों में स्थानीय स्तर पर दावेदार अपने समर्थकों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में प्रत्याशियों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

जिला परिषद सदस्य पद के लिए भी बुधवार को नामांकन दाखिल करने का सिलसिला जारी रहा। जिले में 13 उम्मीदवारों ने कुल 14 नामांकन पत्र जमा किए, जबकि अब तक 147 लोग नामांकन फॉर्म ले चुके हैं। इससे जिला परिषद चुनाव को लेकर दावेदारों की सक्रियता का पता चलता है, हालांकि कई संभावित उम्मीदवारों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

जिला परिषद सदस्य का चुनाव राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव होता है। इसी कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों ही जिला परिषद के वार्डों में मजबूत उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही हैं। कई स्थानों पर टिकट को लेकर दावेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिल रही है।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दाखिल किए गए पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावी मैदान में कितने प्रत्याशी आमने-सामने होंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में नामांकन, टिकट वितरण और नाम वापसी की प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों और दावेदारों की नजर रहेगी।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story