चित्तौड़गढ़। जिले में नारकोटिक्स विभाग की कथित कार्यप्रणाली को लेकर किसानों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा है। हाल ही में विभाग द्वारा की गई छापेमारी और कार्रवाइयों के विरोध में अफीम किसान संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व चित्तौड़गढ़ के पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने किया। किसानों ने विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नारकोटिक्स विभाग की हालिया कार्रवाइयों से किसान वर्ग में भारी डर व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि "एनडीपीएस एक्ट जैसे सख्त कानून का डर दिखाकर किसानों को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।" कार्रवाई के खौफ के कारण कई किसान अपनी गाढ़ी कमाई, जेवर और संपत्तियां बेचकर राहत पाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। फसल की तुलाई से ठीक पहले घरों पर दी जा रही दबिश को किसानों ने अनुचित बताया है।

पारदर्शी प्रक्रिया और निकुम्भ मामले पर अड़े किसान

अफीम किसान संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि वे जांच के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। उनकी प्रमुख मांगो में निकुम्भ क्षेत्र में की गई कार्रवाई में दोनों आरोपियों को छोड़ा जाये और जब तक अफीम की आधिकारिक सरकारी तोल प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसानों के घरों पर छापेमारी बंद की जाए। यदि विभाग को सुरक्षा या अनियमितता की चिंता है, तो अफीम की रोजाना तोल करने की व्यवस्था की जाए ताकि किसान के पास माल इकट्ठा न रहे और वह किसी भी कानूनी झमेले से बच सके।

आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी

पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने कहा कि "किसान दिन-रात मेहनत कर देश के लिए अफीम पैदा करता है, लेकिन आज उसे अपराधी की तरह देखा जा रहा है।" अगर किसानों की जायज मांगें नहीं मानी गईं, तो यह आंदोलन और उग्र होगा। किसानों ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार और विभाग को सख्त चेतावनी दी है कि यदि 1 अप्रैल तक उनकी मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो किसान नारकोटिक्स कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story