चित्तौड़गढ़ में अंगदान जागरूकता रैली निकली, नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली सामूहिक शपथ, 3 अगस्त को होगी प्रदर्शनी
चित्तौड़गढ़ में अंगदान जागरूकता के लिए निकली जन चेतना रैली में नर्सिंग विद्यार्थियों ने सामूहिक शपथ ली। 3 अगस्त को राष्ट्रीय अंगदान दिवस पर विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित होगी।

तस्वीर में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय और जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर चित्तौड़गढ़ के छात्र और शिक्षक 'अंगदान जीवनदान' का बैनर लेकर खड़े हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय एवं जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर चित्तौड़गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आमजन में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन चेतना रैली का आयोजन किया गया। रैली को प्रधानाचार्य श्री राकेश जीनगर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने अंगदान जागरूकता से जुड़े पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व का संदेश दिया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने अंगदान की सामूहिक शपथ भी ली।
प्रधानाचार्य श्री राकेश जीनगर ने बताया कि एक व्यक्ति के अंगदान से आठ व्यक्तियों को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने अंगदान को मानवता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अजय मेनारिया एवं राहुल मेनारिया, नर्सिंग ट्यूटर ने बताया कि माह जुलाई 2026 के दौरान बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं द्वारा अंगदान जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें ऑनलाइन शपथ, पोस्टर प्रतियोगिता, नारा लेखन, मेहंदी, शॉर्ट वीडियो एवं रील बनाना शामिल है। इन सभी गतिविधियों की प्रदर्शनी 3 अगस्त को राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर लगाई जाएगी।
रैली के सफल आयोजन में मनोज शर्मा, रमेश गुर्जर, वैभव साहू, पायल शर्मा, सुमन शर्मा, श्रुति, मंजुल शर्मा एवं सीमा सालवी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। यह आयोजन अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
