चित्तौड़गढ़ NSUI को मिला नया जिलाध्यक्ष, अल्पेश गोस्वामी ने लिया उदयलाल आंजना का आशीर्वाद
चित्तौड़गढ़ जिला एनएसयूआई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना से मिलकर संगठन की मजबूती पर चर्चा की।

चित्तौड़गढ़ जिला एनएसयूआई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी (बाएं से माला पहने हुए), निवर्तमान सभापति संदीप शर्मा और पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना (दाएं से माला पहने हुए) मंगलवार को निंबाहेड़ा के पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह के दौरान।
राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की अनुशंसा पर चित्तौड़गढ़ जिला एनएसयूआई को नया जिलाध्यक्ष मिल गया। मंगलवार दोपहर निंबाहेड़ा स्थित पेच एरिया कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण मौजूदगी के बीच नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी ने चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के निवर्तमान सभापति संदीप शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं संग पहुंचकर पूर्व मंत्री आंजना से आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों और युवा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना, संदीप शर्मा एवं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी का 21 किलो वजनी गुलाब की मालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया। कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा देखने लायक रही।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएसयूआई हमेशा युवाओं की आवाज रही है और संगठन की मजबूती से कांग्रेस विचारधारा को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने युवाओं से संगठनात्मक एकता बनाए रखने तथा जनसेवा और छात्र हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निंबाहेड़ा नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ उपाध्यक्ष रामकिशन चौधरी, युवा कांग्रेस नेता आशाराम गाडरी, निंबाहेड़ा विधानसभा एनएसयूआई अध्यक्ष दीपक धाकड़, ब्लॉक एनएसयूआई अध्यक्ष भंवरसिंह शक्तावत, अनिल प्रजापत, विकास धाकड़, हरिकिशन माली, श्रवण आंजना और कांग्रेस कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
चित्तौड़गढ़ जिला एनएसयूआई में नए नेतृत्व की नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच इस नियुक्ति को लेकर उत्साह दिखाई दिया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे युवाओं को संगठन में मजबूत भागीदारी देने की दिशा में अहम कदम बताया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
