आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल एवं चंदेरिया मंडल की ओर से भरत बाग में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजस्थान की भाजपा सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड रिकॉर्ड बहुमत से बनाने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा कि भरत बाग में उमड़ा विशाल जनसमर्थन संकेत दे रहा है कि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में रिकॉर्ड बहुमत के साथ भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनाव में पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल के फूल को जिताने में जुट जाएं।

जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ में सड़क, रेल, दुर्ग विकास, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। मोदी सरकार और राजस्थान की भाजपा सरकार के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज, रेलवे दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण, सिक्स लेन, रिंग रोड, सीवरेज, पेयजल और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है। चित्तौड़गढ़ दुर्ग के गौरवशाली इतिहास को सामने लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चित्तौड़गढ़ को खेल, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में और मजबूत बनाया जाएगा। चंबल का पानी लाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है तथा सिंचाई के लिए माही का पानी लाने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब डबल इंजन की सरकार के कारण संभव हो रहा है।

जोशी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी प्रत्याशी के साथ पूरी ताकत से खड़ा होना है तथा अपने-अपने वार्ड में पूरी एकजुटता के साथ जुटकर भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने चित्तौड़गढ़ में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किले पर विकास, सड़क, रेल, सीवरेज, पेयजल सहित अनेक परियोजनाओं पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि रिवरफ्रंट, कपासन चौराहे से मानपुरा पुलिया सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू होने वाली हैं।

आक्या ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का विजन विकास और सुशासन है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के आरोपों से जनता परिचित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी मान रहे हैं कि चित्तौड़गढ़ में भाजपा का बोर्ड बन रहा है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने वार्ड में पूरी मेहनत करते हुए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा की टीम मजबूत है और संगठन की ताकत के बल पर सभी वार्डों में मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा। आक्या ने कार्यकर्ताओं से मजबूती से चुनाव में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी ने कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, प्रत्येक कार्यकर्ता को उसे स्वीकार कर पूरी निष्ठा से चुनाव लड़ाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठाकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एकजुट रहने का संकल्प भी दिलाया।

सम्मेलन में निकाय चुनाव प्रभारी धर्मनारायण जोशी तथा जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन ने भी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। इस दौरान अनंत समदानी को निकाय चुनाव सह संयोजक मनोनीत किया गया।

कांग्रेस के पूर्व नगर महामंत्री नरोत्तम हेड़ा एवं राजकुमार जैन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। स्वागत उद्बोधन निकाय चुनाव संयोजक सुशील शर्मा ने दिया, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने किया।

सम्मेलन में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, कमलेश पुरोहित, गोपाल चौबे, अशोक रायका, सुदर्शन रामपुरिया, गोवर्धन जाट, हरीश ईनाणी, मनोज पारीक, नंद किशोर लौहार, आशिष शर्मा, गजेन्द्र सिंह, भंवर सिंह, हीरालाल रायका, अनिल सुखवाल, सुरेश झंवर, नरेन्द्र पोखरना, करनल सिंह राठोड़, गोविद काबरा, रोहिताश जाट, पवन आचार्य, महेश ईनाणी, नीरू देवी अहीर, प्रवीण सिंह राठौड़, सुरेश जैन, शैलेन्द्र झंवर, कैलाश अग्रवाल, चन्द्रशेखर सोनी, आशिष सिकलीगर, पूरण राणा, बाल किशन भोई, शांतनु काबरा, राजन माली मंचासीन रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story