चित्तौड़गढ़ के नए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने संभाला कार्यभार, संगठित अपराध और ड्रग्स पर कड़ा प्रहार
राजस्थान पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों पर जिले में संगठित अपराधियों, अवैध हथियार तस्करों और नशे के नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत होगी कार्रवाई।

चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस मुख्यालय कार्यालय पहुंचने पर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (बाएं से दूसरे) का स्वागत करते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा (दाएं से दूसरे), उपाधीक्षक दिनेश सुखवाल (दाएं) व अन्य पुलिस अधिकारी।
जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं पूरी तरह स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके और उन्हें त्वरित राहत मिल सके।
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में संगठित अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े लहजे में स्पष्ट किया कि जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, फायरिंग करने वाले तत्वों और अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों की नए सिरे से सूचियां तैयार की जा रही हैं। इन सभी अपराधियों के खिलाफ एक ठोस और योजनाबद्ध रणनीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आजकल युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने कहा कि ड्रग्स और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चित्तौड़गढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। नशे के इस घातक नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है। बदलते दौर में बढ़ते डिजिटल अपराधों और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर भी नवनियुक्त एसपी ने अपनी विशेष कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम को लेकर राजस्थान पुलिस पूरी तरह सख्त है, इसलिए चित्तौड़गढ़ में भी साइबर फ्रॉड को रोकने और अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तकनीकी विंग को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा, बच्चों के अधिकार और समाज के वंचित व कमजोर वर्गों के प्रति पुलिसिंग को बेहद संवेदनशील बनाया जाएगा। थानों में आने वाले हर पीड़ित की सुनवाई सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाएगी। राजस्थान पुलिस के मूल ध्येय वाक्य को दोहराते हुए धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास पैदा करना है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि पूरी पुलिस टीम एक सूत्र में बंधकर, पूरी तरह प्रेरित होकर काम करे। पुलिस मुख्यालय से मिलने वाले मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही धरातल पर कार्रवाई दिखाई देगी।
इससे पहले, नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक के जिला पुलिस मुख्यालय कार्यालय पहुंचने पर विभाग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, उपाधीक्षक दिनेश सुखवाल, उपाधीक्षक शिव प्रकाश टेलर, यातायात थाना प्रभारी आशुतोष चारण सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर जिले की भौगोलिक व कानून व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। पदभार ग्रहण करने के दौरान पुलिस के जवानों ने नए एसपी धर्मेंद्र सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
