चित्तौड़गढ़ जिले के बिजयपुर थाना पुलिस ने रतनलाल गुर्जर की करीब 50 लाख रुपये बाजार मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के आदेशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ तथा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ श्री धर्मेंद्र यादव (IPS) के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) चित्तौड़गढ़ श्री गजेंद्र सिंह जोधा (आरपीएस) के निर्देशन में तथा पुलिस उप अधीक्षक एवं वृत ग्रामीण चित्तौड़गढ़ श्री दिनेश सुखवाल (आरपीएस) के सुपरविजन में बिजयपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि मायरला निवासी रतनलाल पुत्र श्री हजारीलाल जाति गुर्जर के खिलाफ थाना बिजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ में प्रकरण संख्या 22/2017 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट, प्रकरण संख्या 205/2022 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 482 भादंसं थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ तथा प्रकरण संख्या 142/2023 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 483 भादंसं थाना सायला, जिला जालौर दर्ज होने के बाद जांच की गई।

जांच में रतनलाल गुर्जर द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति का पता चला। इसमें आबादी क्षेत्र की भूमि, आराजी संख्या 276, ग्राम पंचायत अभयपुर के गांव मायरला स्थित आवासीय मकान शामिल है। उक्त आवासीय मकान को फ्रीजिंग के लिए COMPETENT AUTHORITY & ADMINISTRATOR SAFEMA (FOP) AND NDPS ACT DELHI को प्रस्ताव भेजा गया।

इसके बाद सुनवाई के पश्चात COMPETENT AUTHORITY & ADMINISTRATOR SAFEMA (FOP) AND NDPS ACT DELHI, भारत सरकार द्वारा रतनलाल गुर्जर के आवासीय मकान की फ्रीजिंग का स्थायी अनुमोदन आदेश जारी किया गया। आदेश के बाद उक्त आवासीय मकान को फ्रीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार उक्त आवासीय मकान का बाजार मूल्य करीब 50 लाख रुपये है।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।

कार्रवाई में पुलिस थाना बिजयपुर की टीम शामिल रही। टीम में श्री रामलाल, उप निरीक्षक एवं थाना अधिकारी थाना बिजयपुर, श्री मेघराज, सहायक उप निरीक्षक तथा श्री राजेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक शामिल रहे।

Next Story