चित्तौड़गढ़ में नशे की रोकथाम और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने की। बैठक में जिले में नशा मुक्ति गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यापक स्तर पर जनजागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाए और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि समाज में नशे के खिलाफ प्रभावी वातावरण तैयार किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बैठक में कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं बिक्री में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जब्त किए गए डोडा चूरा एवं अन्य मादक पदार्थों के नियमानुसार शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूरी की जाए।

बैठक में जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं और वहां उपलब्ध सेवाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने संबंधित अधिकारियों को नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, उपचार एवं परामर्श सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा पुनर्वास गतिविधियों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को बेहतर उपचार और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

इस दौरान अति कलक्टर दिनेश धाकड़, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, आबकारी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नशे के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर चल रही कार्रवाई और जागरूकता प्रयासों को और गति देने पर जोर दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story