चित्तौड़गढ़ नगर परिषद घेराव: बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन
जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नेतृत्व में निवासियों ने लावारिस पशुओं, सफाई और पेयजल संकट के विरोध में नगर परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

चित्तौड़गढ़ में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और अव्यवस्थाओं के विरोध में स्थानीय निवासियों और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
चित्तौड़गढ़। शहर की बदहाल बुनियादी सुविधाओं और अव्यवस्थाओं से त्रस्त आमजन का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के बैनर तले बड़ी संख्या में एकत्रित हुए महिला और पुरुष निवासियों ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। लावारिस सांडों व कुत्तों का बढ़ता आतंक, लचर सफाई व्यवस्था, ठप स्ट्रीट लाइटें, पेयजल संकट और जर्जर सड़कों के विरोध में आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए नगर परिषद आयुक्त के माध्यम से जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संभागीय आयुक्त उदयपुर, निदेशक स्वायत्त शासन विभाग जयपुर तथा स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आगामी ईद-उल-अजहा के त्यौहार से पूर्व सभी समस्याओं का स्थायी समाधान करने का कड़ा अल्टीमेटम दिया है।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि गांधी चौक, सुभाष चौक, लोहार मोहल्ला, कुंभा नगर, प्रताप नगर और तेजाजी चौक सहित पूरे शहरी क्षेत्र में लावारिस सांडों व कुत्तों के कारण आमजन का चलना दूभर हो गया है। हाल ही में चंदनपुरा क्षेत्र में एक सांड द्वारा एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिए जाने की घटना ने प्रशासन की विफलता को उजागर किया है। पूर्व में सांडों की लड़ाई के कारण एक पार्षद की मृत्यु और आमजन पर लगातार हो रहे हमलों के बावजूद नगर परिषद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था और अंधेरे में डूबे मुख्य मार्गों पर गहरा रोष जताया। मस्जिद-ईदगाह के आसपास स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से रात्रि में असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, शहर में पेयजल आपूर्ति का दबाव बेहद कम है, जिससे निवासियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मोहर मंगरी क्षेत्र में पानी की किल्लत को देखते हुए वहां सरकारी कनेक्शन सर्वव्यापी करने और स्कूल व पीपल के स्थान पर ट्यूबवेल खुदवाने की प्रमुख मांग रखी गई।
इस विरोध प्रदर्शन में इम्तियाज हुसैन लौहार, मोहसीन खान, फारूक नीलगर, नवाब खान, रफीक खान, किशन दशोरा, जमील अहमद, इकबाल अब्बासी, खुसरो कमाल, शाहीद, फिरोज खान, रमजान छीपा, अनिल भारद्वाज, अली अब्बास, अहमद खान, उस्मान गनी, मुबारिक खान, भूपेन्द्र गिरी, शमीम, अफसर, परवेज, रशीद, रेहाना, राबिया, शालू, सोनिया, दिनाज, रेशमा, मोमिन, अफसाना, टीना, आयशा, पायल कंवर, रजनी, वहीदा, हीना बानो, इमरान छीपा, नूर अली, सिफान, अदनान, इरफान लौहार, अशरफ छीपा, शकूर, मोहम्मद यूनूस, मेहमूद, फैजान, किशन रेगर, अशरफ अली, इकबाल पठान, आसीफ, सलीम, इम्तियाज, शाहीद इकबाल, सपना, तसलीम, शबाना, शेरू खां, शकीला, सायरा, नूरजहां, यास्मिन, फरजाना, तब्बसुम, नजमा बानो, रूकसार, फरहाना तथा शबाना बानो सहित सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
