निकाय चुनाव में नामांकन स्क्रूटनी पर हंगामा, कांग्रेस ने आरओ पर लगाया पक्षपात का आरोप
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव की स्क्रूटनी में 360 नामांकन पत्रों की जांच के दौरान हंगामा हुआ। वार्ड 34 में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन पर आपत्ति, आरओ के फैसले और कांग्रेस के आरोपों से मामला गरमा गया।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ जिला परिषद कार्यालय के कक्ष के भीतर रिटर्निंग अधिकारी के सामने नामांकन स्क्रूटनी के दौरान खड़े लोग और नेताओं के बीच तीखी बहस होती हुई दिख रही है।
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दाखिल 360 नामांकन पत्रों की मंगलवार को हुई स्क्रूटनी के दौरान रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ रिटर्निंग अधिकारी राजलक्ष्मी गहलोत की तीखी बहस हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों और उनके विधिक प्रतिनिधियों ने आरओ गहलोत पर गलत फैसले लेने, नियमों की अनदेखी करने और सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम करने के गंभीर आरोप लगाए।
विवाद की सबसे बड़ी वजह वार्ड नंबर 34 का नामांकन रहा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी शांतिलाल ने भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद्र मीणा के नामांकन पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस प्रत्याशी के वकील अभिषेक गर्ग और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाडावत ने कोर्ट के प्रमाणित दस्तावेज पेश किए। उनका दावा था कि रमेश चंद्र मीणा पर वर्ष 2022 में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
वकील अभिषेक गर्ग ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24(3) का हवाला देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ ऐसा अपराध विचाराधीन हो, जिसमें 5 वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है, तो वह चुनाव लड़ने के अयोग्य हो जाता है। हालांकि, आरओ राजलक्ष्मी गहलोत ने कांग्रेस की आपत्ति खारिज करते हुए भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद्र मीणा का नामांकन पत्र स्वीकार कर लिया।
आपत्ति खारिज होने के बाद पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाडावत ने आरोप लगाया कि आरओ बार-बार कक्ष से बाहर जा रही थीं और निर्णय लेने में ढाई घंटे का समय लिया गया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि पूरा प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। जाडावत ने निष्पक्ष अधिकारी को तैनात करने की मांग भी की।
इसी दौरान अधिकारी और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बहस के दौरान जाडावत ने आरओ से कहा, "आपको अपनी नौकरी लंबी चलानी है।" इस पर राजलक्ष्मी गहलोत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "आप मेरी नौकरी को चैलेंज नहीं कर सकते। किसी को भी बेबुनियाद आरोप लगाने का अधिकार नहीं है, अपने शब्दों पर लगाम रखें।"
स्क्रूटनी के दौरान वार्ड नंबर 17 में भी आपत्ति सामने आई। कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह मेड़तिया ने भाजपा प्रत्याशी सुरेश चंद्र झंवर की आयु और दस्तावेजों पर सवाल उठाए। आरओ ने आपत्ति खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्याशी की उम्र 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और शपथ पत्र ही मुख्य दस्तावेज है। इसमें पुलिस वेरिफिकेशन की बाध्यता शामिल नहीं है।
वहीं, वार्ड नंबर 25 में भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र झंवर ने निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक व्यास और महेश कुमार के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के 5 प्रस्तावकों में से 3 प्रस्तावक एक ही थे। नियमानुसार आरओ ने दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिए।
नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दाखिल 360 नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान सामने आए इन विवादों ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तीखी बहस की स्थिति पैदा कर दी। वार्ड 34 में आपत्ति खारिज होने से लेकर वार्ड 25 में दो निर्दलीय प्रत्याशियों के फॉर्म निरस्त होने तक, मंगलवार की स्क्रूटनी प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण फैसले सामने आए।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
