विधायक आक्या ने चित्तौड़गढ़ के 12 वार्डों में खोले भाजपा के चुनाव कार्यालय, कार्यकर्ताओं से किया जीत का आह्वान
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव को लेकर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने 12 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनसंपर्क और चुनावी तैयारी तेज करने का आह्वान किया।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में नगर परिषद चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान मौली बंधन खोलते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने चित्तौड़गढ़ शहर में अपनी चुनावी सक्रियता तेज कर दी है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए नगर परिषद क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।
विधायक आक्या ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य नगर परिषद को पारदर्शी, जवाबदेह और विकासोन्मुखी व्यवस्था देना है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास की गंगा निरंतर प्रवाहित हो रही है तथा प्रत्येक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने वार्ड संख्या 11 से भाजपा प्रत्याशी भोलाराम प्रजापत, वार्ड 12 से हरीश ईनाणी, वार्ड 17 से सुरेश चंद्र झंवर, वार्ड 19 से कुसुम बैरवा, वार्ड 25 से शेलेन्द्र झंवर, वार्ड 31 से सुदर्शन रामपुरिया, वार्ड 37 से बालमुकुन्द पटवा, वार्ड 39 से प्रदीप काबरा, वार्ड 40 से रानु तैली, वार्ड 42 से ओमप्रकाश शर्मा, वार्ड 45 से रतनलाल तड़बा और वार्ड 47 से पिंटु मोदी के समर्थन में चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और परिश्रम एवं जनसंपर्क से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
विधायक आक्या ने कहा कि नगर परिषद में गत कांग्रेस बोर्ड के दौरान चित्तौड़गढ़ शहर में विकास की गति रुक गई थी। शहर की मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, सड़कों, नालियों एवं अन्य जनसमस्याओं को लेकर आमजन में भारी असंतोष था। इसी का परिणाम रहा कि विश्व विरासत में अपना प्रभुत्व रखने वाला चित्तौड़गढ़ स्वच्छता श्रेणी में काफी नीचे पायदान पर चला गया था।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ और प्रत्येक क्षेत्र में जाकर आमजन से सीधा संवाद करें तथा भाजपा की नीतियों एवं विकास के विजन को जनता तक पहुंचाएं। इस दौरान अतिथियों द्वारा मौली बंधन खोलकर चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में यति महाराज, जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, श्रवण सिंह, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, कर्नल सिंह राठौड, भरत जागेटिया, नरेन्द्र पोखरना, चन्द्रशेखर सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के साथ भाजपा ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
