चित्तौड़गढ़ में नगर माहेश्वरी सभा की पहली बैठक में जनगणना स्मारिका, हेल्पलाइन, वाचनालय, ब्लड डोनेशन और सामाजिक सेवा से जुड़े कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

चित्तौड़गढ़ में नगर माहेश्वरी सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा सभी 12 क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष एवं मंत्रियों की प्रथम बैठक लालजी का खेड़ा रोड, सेंथी स्थित अयोध्या धाम में आयोजित हुई। बैठक नगर सभा के संरक्षक अशोक काबरा, पूर्व शिव प्रकाश मंत्री एवं मुकेश जेथलिया के आतिथ्य तथा नगर अध्यक्ष भारत माहेश्वरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से नगर विकास न्यास क्षेत्र में निवासरत समस्त माहेश्वरी परिवारों का विस्तृत विवरण संकलित कर जनगणना स्मारिका प्रकाशित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पोर्टल पर अब तक अपंजीकृत परिवारों का पंजीयन कराने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया, जो प्रत्येक माहेश्वरी परिवार को पोर्टल से जोड़ने का कार्य करेगी।

सामाजिक सेवा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से माहेश्वरी हेल्पलाइन नंबर जारी करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे समाज के लोगों को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में हिंदू संस्कृति एवं परम्पराओं के संरक्षण के लिए महिलाओं हेतु उजमाना, गोरथ एवं तीज जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित करने, आगामी सावन माह में भगवान शिव के महाभिषेक, भोग एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समाज के बच्चों के लिए अत्याधुनिक वाचनालय स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

इसके अलावा माहेश्वरी ब्लड डोनेशन अभियान चलाने, समाज के युवाओं को विभिन्न संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिविर एवं बाल संस्कार शिविर आयोजित करने सहित अनेक जनहितकारी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए तथा उनके शीघ्र क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया।

बैठक में नरेंद्र डाढ़, लोकेश अजमेरा, विजय कुमार अजमेरा, ब्रिजेश मोदानी, पुष्कर सोमानी, पंकज बसेर, गोपाल पुंगलिया, अनिल मूंदड़ा, राजेश धुत्त, कमलेश पोरवाल, अनुपम भंडारी, बद्री आगा, संजय कोगटा सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों को समाज के संगठनात्मक विस्तार, सेवा गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story