चित्तौड़गढ़: सीक्रेट सिंगर म्यूजिकल ग्रुप ने गीतों से मनाई मातृ शक्ति
मातृ दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने दी संगीतमय प्रस्तुतियां, ग्रुप की नई कार्यकारिणी का हुआ गठन।

चित्तौड़गढ़ के दुर्ग स्थित एक निजी रिसॉर्ट में मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 'सीक्रेट सिंगर म्यूजिकल ग्रुप' के सदस्य और अतिथि।
चित्तौड़गढ़। शहर के प्रतिष्ठित 'सीक्रेट सिंगर म्यूजिकल ग्रुप' द्वारा मातृ दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य एवं 'गीतों से सजी शाम' का गरिमामय आयोजन किया गया। दुर्ग स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि संदीप सेठिया रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मातृ शक्ति को नमन करते हुए की गई, जिसमें ग्रुप के संस्थापक बालेश गौड़ के मार्गदर्शन में कलाकारों ने मातृ प्रेम पर आधारित गीतों और कालजयी सदाबहार फिल्मी नगमों की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं। संजय कोदली ने बताया कि ग्रुप के सुर साधकों ने अपनी गायकी से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रोता देर रात तक संगीत के सागर में गोते लगाते रहे।
सुरों के इस सफर में बालेश गौड़ ने भावपूर्ण गीत 'तू कितनी अच्छी है' गाकर सभी की आंखें नम कर दीं, वहीं संजय कोदली ने 'बीते हुए लम्हों की कसक' से विरह के भाव जगाए। संगीत की महक को आगे बढ़ाते हुए महेन्द्र शर्मा ने 'सूरज कब दूर गगन से', गणेश निन्दरवाल ने 'तुमकों देखा तो ये ख्याल आया', संदीप सेठिया ने 'छु कर मेरे मन को', अल्का चतुर्वेदी ने 'दिल को हजार बार रोका' और सविता गौड ने 'ये इश्क हाय बैठे बिठाए' की मधुर प्रस्तुति दी। मुकेश सपरा ने 'चन्दन सा बदन', रितु भटनागर ने 'तेरी दिवानी', इशा कंवर ने 'मां मुझे अपने आंचल मे छिपा ले', निशा कौशिक ने 'यह तो सच है कि भगवान है', निर्मला निंदरवाल ने 'आ मेरी जान', चांदनी माथुर ने 'कैसी है पहली', राजेश व्यास ने 'मेरे टूटे हुए दिल से', सी.पी.शर्मा ने 'समां है सुहाना-सुहाना', राज सोनी ने 'मम्मा प्यारी मां', राजकुमार सोनी ने 'दिल हूं हूं करें', कैलाश लोठ ने 'मेरी भीगी-भीगी सी', विष्णु भारती ने 'कभी प्यासे को पानी' और गिरिश दीक्षित ने 'कोई जब तुम्हारा हृदय तोड दे' जैसे गीतों से पूरे वातावरण को सुरम्य बना दिया।
इसी आयोजन के दौरान 'सीक्रेट सिंगर म्यूजिकल ग्रुप' की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन भी किया गया। इसमें संदीप सेठिया, राजेश भंडारी और रितु भटनागर को ग्रुप के संरक्षक के रूप में चुना गया। संगठन की कमान सौंपते हुए संजय कोदली को अध्यक्ष, भगवतीलाल सालवी को संयोजक, गणेश निंदरवाल को आयोजन सचिव, महेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी और जितेन्द्र लोधी को ऑडियो-विडियोग्राफी प्रभारी नियुक्त किया गया। यह शाम न केवल संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव रही, बल्कि मातृ शक्ति के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक सशक्त माध्यम भी बनी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
