चित्तौड़गढ़ में बाल देखरेख गृह के बच्चों के साथ सांसद-विधायक ने मनाई दीपावली
सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बाल गृह के बच्चों को उपहार बांटे और दिल्ली-जयपुर भ्रमण का आश्वासन दिया।

चित्तौड़गढ़ में दीपोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बाल गृह के बच्चों को दीवाली उपहार दिए।
चित्तौड़गढ़। दीपावली की खुशियां उन बच्चों तक पहुंचाने की पहल की गई, जिन्हें पारिवारिक संरक्षण और सामाजिक सहयोग की विशेष आवश्यकता है। बाल अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को बाल देखरेख गृह में आवासित निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच किया गया। इस अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बच्चों के साथ दीपोत्सव मनाया और उन्हें उपहार देकर पर्व की खुशियों में शामिल किया।
कार्यक्रम में सांसद जोशी एवं विधायक आक्या ने माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा-अर्चना कर पांच दिवसीय दीपोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। सांसद जोशी ने कहा कि निराश्रित, बेसहारा, दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के बीच त्योहार मनाना ही पर्व की वास्तविक सार्थकता है। बाल देखरेख संस्थाओं में आवासित बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें पारिवारिक वातावरण देना और त्योहारों पर उनसे संवाद करना उनके भीतर सकारात्मक सोच एवं उत्साह का संचार करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि ये बच्चे समाज की धरोहर हैं। इनके भविष्य को सुखद, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। दीपावली जैसे पर्व की शुरुआत बच्चों के बीच करना मेवाड़ की जीवंत संस्कृति और सामाजिक संवेदनशीलता का परिचायक है।
विशिष्ट अतिथि नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने कहा कि पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के बीच करना एक अभिनव पहल है। इससे बच्चों के साथ संस्था के कार्मिकों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। वहीं, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल ने बाल गृह की गतिविधियों और विभिन्न आयोजनों की जानकारी दी।
इस दौरान आवासित बच्चों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सांसद, विधायक, सभापति एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों के साथ लक्ष्मी-कुबेर पूजन किया। पंडित अशोक तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। दीपोत्सव के अवसर पर बच्चों को नए वस्त्र, जूते, बैडमिंटन रैकेट, शटल, स्पोर्ट्स टी-शर्ट, मिठाई, पटाखे एवं फुलझड़ियों सहित विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बच्चों की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। अतिथियों ने बाल गृह में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराने, शिशु गृह में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा बच्चों के लिए संगीत वाद्ययंत्र एवं अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था करने की घोषणा की। इन कार्यों के लिए सांसद मद, विधायक मद, डीएमएफटी मद एवं नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के माध्यम से आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बच्चों की इच्छा पर सांसद सी.पी. जोशी के सानिध्य में उन्हें दो दिवसीय संसद एवं दिल्ली दर्शन करवाने का आश्वासन दिया गया। वहीं, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के सानिध्य में विधानसभा एवं जयपुर भ्रमण भी करवाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों के इस अनुरोध को स्वीकार किए जाने पर उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का एक भावुक पक्ष उस समय सामने आया, जब बाल गृह में आवासित एक बालक ने स्वयं बनाए गए अतिथियों के हस्तचित्रित स्केच उन्हें भेंट किए। बालक की चित्रकला प्रतिभा से प्रभावित होकर अतिथियों ने उसके हुनर को निखारने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पार्षद शैलेन्द्र झंवर, अशोक सोनी, हर्षवर्धन सिंह, रघु शर्मा, गौरव त्यागी, राजन माली, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रियंका पालीवाल, सदस्य सीमा, शिवदयाल सिंह लखावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक चन्द्रप्रकाश जीनगर, शिवप्रकाश मंत्री, बालकृष्ण सोनी, हेमेंद्र टोंग्या, कुलदीप बजाज, स्वदेश दायमा, लोकेश सोनी, अनिल खटोड़ एवं पवन पटवारी सहित बाल अधिकारिता विभाग और चाइल्ड लाइन के कार्मिक उपस्थित रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
