चित्तौड़गढ़। भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए मानव जल सेवा संस्थान द्वारा संचालित जल सेवा कार्य में सांसद सीपी जोशी ने सहभागिता निभाकर मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। सांसद जोशी ने स्टेशन परिसर में यात्रियों को जल पिलाकर इस पुनीत कार्य में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर सांसद ने संस्थान के सेवादारों के जज्बे को नमन करते हुए कहा कि अपने कार्यक्षेत्र में दिनभर कड़ी मेहनत करने के उपरांत जिस प्रकार से ये सेवादार पूरे जोश और उत्साह के साथ जल सेवा में समर्पित हैं, वह अत्यंत अनुकरणीय है। उन्होंने सेवा कार्यों में सेवानिवृत्त नागरिकों की सक्रिय भूमिका की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने सेवादारों द्वारा स्वच्छता के प्रति बरती जा रही विशेष सतर्कता और सफाई व्यवस्था की भी सराहना की।

जल सेवा को ईश्वरीय कार्य की संज्ञा देते हुए सांसद जोशी ने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद पानी का महत्व समझना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस सेवा कार्यक्रम के दौरान मानव जल सेवा संस्थान के सदस्य अमित प्रताप सिंह, पी पी सिंह, पुष्पेंद्र डांगी, मयंक, महेश अग्रवाल और अजय तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह जल सेवा अभियान न केवल यात्रियों के लिए राहत का सबब बना, बल्कि समाज में सेवा और स्वच्छता के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी प्रेषित कर गया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story