चित्तौड़गढ़। सांसद सी.पी. जोशी ने स्थानीय सांसद कार्यालय में डॉ. सुशीला लड्ढा द्वारा संपादित एवं प्रकाशित पुस्तिका 'हिन्दुत्व' का विधिवत विमोचन किया। शिव मृदुल द्वारा अंग्रेजी से हिन्दी में अनूदित इस महत्वपूर्ण पुस्तिका के विमोचन अवसर पर सांसद जोशी ने कहा कि देश में 12 वर्षों के सुशासन के उपलक्ष्य में इस वैचारिक पुस्तक का लोकार्पण करना अत्यंत हर्ष का विषय है। सांसद ने पुस्तिका के प्रारंभिक पृष्ठ पर उद्धृत उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति गजेन्द्र गडकर की ऐतिहासिक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि हिन्दुत्व किसी धार्मिक अनुष्ठान की प्रणाली, विशेष धर्म, जाति, वर्ग या सम्प्रदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवन पद्धति और मनःस्थिति है।

पुस्तिका की संपादिका डॉ. सुशीला लड्ढा ने बताया कि यह कृति एक ऐसे विचार एवं जीवन दर्शन का प्रतिनिधित्व करती है, जो विश्व गुरु के गौरवशाली पद पर प्रतिष्ठित भारत की सभ्यता और संस्कृति का पोषण करने वाली शाश्वत जीवन शैली से ओत-प्रोत है। अनुवादक शिव मृदुल ने जानकारी दी कि यह पुस्तक 'हिन्दू', 'हिन्दुुस्तान' और 'हिन्दुत्व' नामक तीन खंडों में वर्गीकृत है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व के प्रमुख पहलुओं में कृतज्ञता, परोपकार, अहिंसा, मातृशक्ति का आदर, दया, ईमानदारी, संयम, पारिवारिक जीवन और विश्व बंधुत्व की उदात्त भावनाएं समाहित हैं। लेखकीय द्वय ने यह भी साझा किया कि इस पुस्तिका में उच्चतम न्यायालय की डबल बेंच के न्यायमूर्ति के. रामास्वामी एवं न्यायमूर्ति बी.एल. हंसराय की टिप्पणियों के साथ ही वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन, विचारक मैक्समूलर, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय शब्दकोष की व्याख्याओं के साथ यह पुस्तिका 'सर्वजन हिताय' की भावना का सशक्त उद्घोष करती है, जो पाठकों को भारतीय संस्कृति के मूल दर्शन से परिचित कराती है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story