चित्तौड़गढ़: विधायक आक्या ने गिनाईं भजनलाल सरकार की उपलब्धियां
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने चिकसी और सावा में जनसुनवाई कर राजस्थान सरकार के सवा दो साल के कार्यकाल को विकास और रोजगार का स्वर्णिम काल बताया।

चित्तौड़गढ़ के सावा में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी।
राजस्थान की भजनलाल सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के सवा दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने इसे प्रदेश के कायाकल्प का स्वर्णिम काल बताया है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा संचालित ग्राम रथ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु ग्राम चिकसी व सावा में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में विधायक आक्या ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने पुरजोर शब्दों में कहा कि इन सवा दो वर्षों में व्यापक सुधारों, कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार और विकास की नवीन पहलों का प्रत्यक्ष लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचा है।
विधायक आक्या ने युवाओं के भविष्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने पारदर्शी भर्ती प्रणाली को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उल्लेख किया कि बिना किसी पेपर लीक के परीक्षाओं का सफल आयोजन सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर कृषि योजनाओं का आर्थिक लाभ सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किया गया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और मजबूत सामाजिक सुरक्षा के तंत्र से महिलाओं के आत्मविश्वास में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
प्रशासनिक शुचिता पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि भ्रष्टाचार पर कठोर प्रहार कर प्रशासन को पूर्णतः जवाबदेह बनाया गया है, जिससे आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सवा दो वर्ष मात्र एक शुरुआत है और आने वाले समय में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि एलईडी वैन युक्त ग्राम रथ के माध्यम से चिकसी व सावा के ग्रामीणों को सरकार की समस्त योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक आक्या ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में विकास अधिकारी समुंद्र सिंह, प्रवीण सिंह राठौड़, सत्यनारायण सुखवाल, हेमराज मेघवाल, मनीष मण्डोवरा, दिलनवाज खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
