चित्तौड़गढ़ में जयकारा डांडिया महोत्सव की धूम, डांडिया किंग के बाद आज युगल मुकाबला
चित्तौड़गढ़ के जयकारा डांडिया महोत्सव 2026 में मेवाड़ डांडिया किंग और महिला विशेष परिधान प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा हुई। श्रीनाथ गार्डन में आज युगल डांडिया और डांडिया क्वीन मुकाबले होंगे, जबकि जिंक नगर में बच्चों ने भी भाग लिया।

चित्तौड़गढ़ के श्रीनाथ गार्डन में आयोजित जयकारा डांडिया महोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में मेवाड़ डांडिया किंग प्रतियोगिता के प्रतिभागी समूह।
चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि डांडिया महोत्सव जयकारा 2026 के तहत गुरुवार को मेवाड़ डांडिया किंग और महिला विशेष परिधान प्रतियोगिता आयोजित की गई। श्रीनाथ गार्डन में आयोजित महोत्सव में युवाओं, महिलाओं और युवतियों ने गरबा-डांडिया के साथ पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। वहीं, जिंक नगर में बच्चों की डांडिया प्रतियोगिता में भी उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार को युगल डांडिया और डांडिया क्वीन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से आयोजित जयकारा 2026 में गुरुवार को मेवाड़ डांडिया किंग प्रतियोगिता का मुख्य मुकाबला हुआ। समिति अध्यक्ष अनंत समदानी और सचिव लीला आगाल ने बताया कि महाआरती के बाद ‘वासुदेव भगवती नमः’ के साथ भगवान कृष्ण का स्मरण कर गरबा शुरू किया गया।
पुरुष वर्ग की डांडिया किंग प्रतियोगिता युवाओं के आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने ‘केसरिया पधारो म्हारा देश’ और ‘राम जी से कहना जय सियाराम’ जैसे गीतों पर गरबा किया। हनुमान अंश और भोलेनाथ से जुड़े गीतों पर भक्तिमय प्रस्तुतियां हुईं, जबकि होली के गीतों ने उत्सव में रंग भरे। ‘हमें पिंजरा नहीं, आसमान चाहिए’ के संदेश के साथ युवाओं ने गरबा को नया अंदाज दिया। आयोजन में शहर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
गोपाल भूतड़ा और अनुराग द्विवेदी ने बताया कि मेवाड़ डांडिया किंग प्रतियोगिता में दीपक सालवी ने प्रथम, दिव्यम सोमानी ने द्वितीय और अजय प्रजापत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पारितोषिक प्रदान किए।
कार्यक्रम में सुरेश चंद्र झंवर, सुशील शर्मा, कमलेश पुरोहित, प्रवीण सिंह राठौड़, भंवर सिंह खड़ीबावड़ी, गौरव त्यागी, नरेंद्र पोखरना, सुरेश बांगड़, निलेश बल्दवा और नरेंद्र न्याती अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गोपाल पोरवाल, बंटी शर्मा, अनुराग बांगड़, विकास गंगवाल, महेंद्र राजावत, हिमांशु बनवार और बादल शर्मा ने अतिथियों को उपरना ओढ़ाकर स्वागत-अभिनंदन किया।
प्रतियोगिता प्रभारी गोपाल पोरवाल, अभिमन्यु माहेश्वरी, अक्षिता माहेश्वरी और राधा काबरा ने निर्णायकों हार्मनी संस्था के भूपेंद्र भारद्वाज, इन्फ्लुएंसर किरण गोस्वामी और सुनील मेनारिया को उपरना ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
युगल डांडिया में भाई-बहन, भाई-भाभी, दोस्त और कपल लेंगे भाग
यश टेलर और अनुराग बांगड़ ने बताया कि जयकारा महोत्सव में शुक्रवार को युगल डांडिया प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें भाई-बहन, भाई-भाभी, दोस्त और मेल-फीमेल जोड़ी के साथ कपल भी भाग ले सकेंगे। डांडियों की खनक और जोड़ियों की प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
महिला विशेष परिधान प्रतियोगिता में लक्ष्मी उपाध्याय प्रथम, ईशा गोस्वामी द्वितीय
मेवाड़ महोत्सव संस्थान की ओर से गुरुवार को महिला विशेष परिधान प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक एवं सांस्कृतिक वेशभूषा में भाग लेकर राजस्थानी और गुजराती संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक आभूषणों से सजी प्रतिभागियों ने माता रानी के भक्ति गीतों और गरबा की धुनों पर नृत्य किया।
प्रवक्ता मनीष मालानी ने बताया कि आरती के बाद गरबा और डांडिया कार्यक्रम शुरू हुआ। माता रानी की आराधना के साथ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक धुनों और भक्तिमय संगीत पर गरबा करते हुए प्रतिभागियों ने नवरात्रि की खुशियां मनाईं। महिला विशेष परिधान प्रतियोगिता में लक्ष्मी उपाध्याय ने प्रथम और ईशा गोस्वामी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
संस्थान अध्यक्ष प्रदीप काबरा ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी दी। संस्थान के संयोजक शैलेंद्र सिंह चुंडावत के अनुसार, प्रतियोगिता में लगभग 85 युवतियों ने भाग लिया। नेहा सक्सेना, ट्विंकल वैष्णव, उषा वैष्णव, खुशबू भारद्वाज, हेमलता वैद, सुधा शर्मा, पूजा वैष्णव, राशि मूंदड़ा, रंजना मेनारिया, सुमन सैनी और कृष्णा सैनी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सुरेश झंवर, सुरेश बांगड़ और निलेश बल्दवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संरक्षक दिलीप नंदावत ने अतिथियों को उपरना ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर संयम पुरी ने किया।
संस्थान की ओर से नवरात्रि महोत्सव के तहत प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डांडिया क्वीन प्रतियोगिता होगी, जिसमें महिलाएं अपनी नृत्य प्रतिभा, पारंपरिक अंदाज और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भाग लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह बना हुआ है। महोत्सव धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और पारिवारिक मनोरंजन का साझा मंच बना हुआ है।
जिंक नगर में छठी से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों की डांडिया प्रतियोगिता
जिंक नगर स्थित श्री सिद्धेश्वरी माताजी मंदिर परिसर में भव्य पांडाल में इम्पीरियल क्लब के एचआर एडमिन विभाग की ओर से नवरात्रि महोत्सव आयोजित किया गया। इसके तहत छठी से नौवीं कक्षा तक के बच्चों की डांडिया प्रतियोगिता हुई। बड़ी संख्या में बच्चों ने पारंपरिक परिधान पहनकर प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम में जिंक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. बिंदू नायर, मनीषा भाटी, रोशन गोसलिया, रिपन घोष, पवन बाहेती, राज माहेश्वरी, अभिषेक कोठारी, केजी बाल्दी, जीएनएस चौहान और दिलीप सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को क्लब की ओर से टोकन उपहार दिए गए।
आयोजन में नरेंद्र गहलोत, सोचंद धाकड़, केसी दाधीच, अनिल ईनाणी, शुभम काकानी, मुकेश तेली, सीपी गुप्ता, बालकिशन माली, महिपाल सिंह, मनीष भट्ट, सीएम त्रिपाठी, बीएल पुरोहित, दीप लता गौर, वर्तिका जोशी, प्रभा शेखावत, तरुणा सुहाग, राज कंवर, मोनिका झा, कल्पना शर्मा, मृणाल राणावत, निम्मी, अविनाश बेदी, मोनिका सिंघवी, अंकित और अमित दीक्षित सहित जिंक परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। प्रतियोगिता के निर्णायक गुंजन अग्रवाल, निशा चौहान, काव्या सोनी और अभिषेक सेन रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
