चित्तौड़गढ़: मेघपुरा रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जनसुनवाई के दौरान मौके पर ही 20 से अधिक प्रकरणों का समाधान किया और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

चित्तौड़गढ़ के बेगूं उपखंड की मेघपुरा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू 10वीं और 12वीं की मेधावी छात्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए।
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र की मेघपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। गुरुवार रात्रि को आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 30 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 20 से अधिक प्रकरणों का जिला कलक्टर ने मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान की। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि शेष लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आवास, पेयजल, रास्ते, अतिक्रमण, नालियों के निर्माण, जॉब कार्ड, सीसी सड़क, पानी की टंकी, आधार कार्ड सुधार और डेयरी भवन निर्माण जैसे विभिन्न मुद्दे रखे। विशेष रूप से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के मामलों पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मेघपुरा के ग्रामीणों द्वारा गौशाला निर्माण की मांग पर उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव और पटवारी को तुरंत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही बेगूं और मेघपुरा क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन सुविधा हेतु पुस्तकालय निर्माण का प्रस्ताव बनाने के भी निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग से संबंधित प्रकरणों में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए और दो ग्रामीणों को पट्टे प्रदान कर राहत दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने हेतु अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित ग्राम विकास की वास्तविक पहचान होते हैं, जिसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। रात्रि चौपाल के पश्चात स्वच्छता किट का वितरण किया गया और 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला कलक्टर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी अंकित समरिया, तहसीलदार, विकास अधिकारी सुरेश चंद्र गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
