चित्तौड़गढ़ मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर छात्रों का प्रदर्शन
पेयजल संकट, मेस की खराब गुणवत्ता और गंदगी के विरोध में छात्रों ने कार्य बहिष्कार कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

चित्तौड़गढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एमबीबीएस छात्र।
चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय के समीप स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने गुरूवार को गंभीर रूप ले लिया, जब लंबे समय से प्रशासन के ढुलमुल रवैये से नाराज मेडिकल छात्रों का सब्र टूट गया और उन्होंने कॉलेज परिसर में कार्य बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे अपनी हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए हैं। भीषण गर्मी के बीच भावी डॉक्टर बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। कॉलेज और हॉस्टल में पेयजल की सुचारू व्यवस्था नहीं होने से छात्रों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर भी छात्रों में भारी असंतोष है। उनका कहना है कि भोजन बेहद निम्न स्तर का है और कई बार शिकायत के बावजूद मेस संचालक की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर संकट मंडरा रहा है। वहीं, कॉलेज में सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। टॉयलेट्स से लेकर कॉमन एरिया तक गंदगी पसरी हुई है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
कक्षाओं और हॉस्टल में फर्नीचर की भारी कमी भी छात्रों की प्रमुख शिकायतों में शामिल है। पर्याप्त कुर्सी-मेज उपलब्ध न होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इन समस्याओं के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए इसे छोटी-मोटी समस्याएं बताया है और सुधार का आश्वासन दिया है। इसके बावजूद छात्रों का आंदोलन जारी है, जिससे संस्थान की व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
