चित्तौड़गढ़: बिजली कनेक्शन काटने पर मयंक गार्डन संचालक मोबाइल टावर पर चढ़ा
नगर परिषद चुनाव में बेटी के प्रत्याशी बनने पर बिजली कनेक्शन काटने और अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए संचालक टावर पर चढ़ा।

चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर में गार्डन संचालक के टावर पर चढ़ने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और लोग।
चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर में बिजली कनेक्शन काटने और अधिकारियों पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए मयंक गार्डन का संचालक जमना शंकर साहू मंगलवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कई घंटों तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतारने के लिए समझाइश की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। दोपहर बाद वह टावर से नीचे उतरा। इसके बाद प्रशासन ने उसकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर में हुई इस घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक ब्रजेश सिंह, कोतवाली थाना अधिकारी रजनीश कुमार, सदर थाना अधिकारी प्रेम सिंह और चौकी प्रभारी जितेन्द्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
टावर पर चढ़े जमना शंकर साहू ने सोशल मीडिया पर एक हस्तलिखित कागज वायरल किया। इसमें उसने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के नगर परिषद चुनाव में आरएलपी की ओर से प्रत्याशी बनने के बाद उसे नाम वापस लेने की धमकियां मिलने लगी थीं। उसकी पुत्री ने जब नाम वापस नहीं लिया तो विद्युत विभाग ने उसके गार्डन का बिजली कनेक्शन काट दिया। इसके साथ ही उस पर जुर्माना भी लगा दिया गया।
जमना शंकर ने यह भी बताया कि उसके गार्डन में आने-जाने के रास्ते से संबंधित दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। उसके अनुसार, रास्ते के दस्तावेज किसी के पास नहीं होते हैं, इसलिए उसके पास भी ऐसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। बिजली कनेक्शन काटने, अधिकारियों द्वारा परेशान किए जाने और अन्य मांगों को लेकर वह मंगलवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
सुबह से शुरू हुए इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों ने जमना शंकर को कई बार समझाकर टावर से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। कई घंटों तक पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद दोपहर बाद वह टावर से नीचे उतरा।
इसके बाद प्रशासन ने उसकी समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, जमना शंकर ने भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करने का लिखित पत्र तहसीलदार बलबीर सिंह को सौंपा। इस तरह घंटों तक चले घटनाक्रम का समापन उसके टावर से नीचे उतरने और प्रशासन को लिखित पत्र सौंपने के साथ हुआ।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
