चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 19 ग्राम एमडीएमए पाउडर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी कार्रवाई में अवैध रूप से परिवर्तित संरचना और अनाधिकृत लेखन पाए जाने पर 09 मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा (आरपीएस) के निर्देशन तथा डिप्टी एसपी बड़ीसादड़ी के सुपरविजन में की गई। पहली कार्रवाई सोमवार को उस समय की गई जब मंगलवाड़ थाना पुलिस चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से छापरी गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोककर नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें रामचन्द्र पुत्र नारायणलाल गाडरी निवासी भगीमों का खेड़ा, थाना भीण्डर तथा शंभुलाल पुत्र गंगाराम गुर्जर निवासी नेगड़िया, थाना मंगलवाड़ के कब्जे से 19 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद किया गया। मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरी कार्रवाई यातायात एवं सड़क सुरक्षा अभियान के तहत की गई, जिसमें वाहनों की जांच के दौरान कई मोटरसाइकिलों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन पाए गए। इस पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए धारा 38 पुलिस एक्ट के तहत 09 मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।

इस संयुक्त कार्रवाई ने एक ओर जहां मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया है, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस की सख्ती को स्पष्ट किया है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत संदेश मिला है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story