चित्तौड़गढ़: चेतक एक्सप्रेस से गिरकर युवक घायल, धक्का देने का आरोप
सीकर निवासी युवक ट्रेन के गेट से नीचे गिरा, जीआरपी और पुलिस मामले में नशे और धक्का देने के दावों की जांच कर रही है।

चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल में उपचाराधीन 36 वर्षीय ओंकार सिंह, जो शुक्रवार शाम रेलवे स्टेशन के पास चेतक एक्सप्रेस से गिरकर घायल हो गया था।
चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज हादसे में चलती चेतक एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां सीकर जिले के नीम का थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय ओंकार पुत्र जय सिंह के पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई। घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
ओंकार सिंह ने बताया कि वह हाल ही में उदयपुर के एक किडनी अस्पताल में भर्ती अपने परिचित से मिलने गया था। 22 अप्रैल को मरीज को छुट्टी मिलने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान चेतक एक्सप्रेस से गिरकर वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल ओंकार सिंह का कहना है कि वह ट्रेन के गेट पर खड़ा था, तभी अंदर से किसी ने उसे धक्का दे दिया। अचानक लगे धक्के से वह संतुलन नहीं संभाल पाया और नीचे गिर गया।
वहीं जीआरपी अधिकारियों की जांच में अलग तस्वीर सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार युवक राणा प्रताप नगर से ट्रेन में सवार हुआ था और चित्तौड़गढ़ में इंजन बदलने के दौरान उसका कोच पीछे चला गया था। उस समय ट्रेन की गति कम थी। पूछताछ में सामने आया कि युवक नशे में था और गेट के पास बैठा हुआ था। शौचालय की ओर जाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गिर गया।
पुलिस का कहना है कि ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण युवक की जान बच गई, अन्यथा हादसा जानलेवा भी हो सकता था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही उसके भाई को सूचना देकर चित्तौड़गढ़ बुला लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, जिसमें धक्का देने और नशे में होने के दावों की सच्चाई स्पष्ट की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
