संगठनात्मक फेरबदल और नई नियुक्तियाँ

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता सिंह ने महिला कांग्रेस संगठन को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की हैं। उन्होंने निम्नलिखित जिम्मेदारियां सौंपी हैं:

  • यशोदा नरेंद्र पुरोहित: चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष
  • रंजना शर्मा (अध्यक्षा, नगर पालिका बेगूं): प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव

अनुभव और राजनीतिक समीकरण

यशोदा नरेंद्र पुरोहित पूर्व में भी नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुकी हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, दो दिन पूर्व तक चित्तौड़गढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए रंजना शर्मा का नाम लगभग तय माना जा रहा था और वह एकमात्र दावेदार के रूप में सामने थीं। लेकिन जिले के दिग्गज कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना की सक्रिय भूमिका और एंट्री के बाद समीकरण बदले, जिसके चलते यशोदा नरेंद्र पुरोहित का नाम सामने आया और अंततः उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई।


आभार एवं मुलाकात

अपनी नियुक्ति पर यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता सिंह का आभार जताया तथा पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना से मुलाकात कर धन्यवाद दिया। वहीं क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस नियुक्ति के लिए उदयलाल आंजना के प्रति आभार व्यक्त किया।


रंजना शर्मा की नई भूमिका: चर्चा का विषय

दूसरी ओर, रंजना शर्मा को महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव नियुक्त कि गई। उल्लेखनीय है कि शर्मा वर्तमान में मुख्य संगठन प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव भी हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि मुख्य संगठन से अग्रिम संगठन में मिली यह जिम्मेदारी प्रमोशन है या डिमोशन, हालांकि पार्टी सूत्र इसे संगठनात्मक संतुलन के तहत लिया गया निर्णय बता रहे हैं।


बेगूं में जश्न और आतिशबाजी

यशोदा नरेंद्र पुरोहित की नियुक्ति की खुशी में शाम को पुराने बस स्टैंड पर आतिशबाजी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी एकत्रित हुए और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता सिंह तथा पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के प्रति आभार जताया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story