चित्तौड़गढ़: श्री महावीर जैन महिला मंडल ने आयोजित किया भव्य जैन मेला
विद्यासागर मांगलिक धाम में आयोजित इस मेले में 35 से अधिक स्टॉल लगे और बच्चों व महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

चित्तौड़गढ़। आध्यात्मिक चेतना और सामुदायिक सौहार्द के संगम के साथ श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर महावीर महिला मंडल द्वारा विद्यासागर मांगलिक धाम में एक भव्य जैन मेले का सफल आयोजन किया गया। पूर्णतः जैन आचार संहिता की मर्यादाओं में बंधे इस सांस्कृतिक उत्सव का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र दोशी, सोहन लाल पोखरना, नवीन पटवारी, कल्पना मेहता, रजनी रांका, प्रीति ढीलीवाल, निलेश पटवारी, अभिषेक लोढ़ा, मनीष छाजेड़ और डॉ. अरविंद सांखला द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। यह मेला न केवल मनोरंजन का केंद्र रहा, बल्कि अहिंसा और संयम के सिद्धांतों को जीवंत करते हुए पूर्ण रूप से रात्रि भोजन निषेध, प्लास्टिक मुक्त और जमीकंद रहित स्वरूप में आयोजित हुआ, जो जैन दर्शन के प्रति मंडल की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आयोजन की समन्वयक मधु मट्ठा, उमा सुराणा, स्नेहा ढीलीवाल, प्रियंका परमार, आशा वेद एवं प्रिया दोशी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मेले के प्रांगण में 35 से अधिक विविध स्टॉल लगाई गई थीं। उत्सव का मुख्य आकर्षण जैन दर्शन की बारीकियों पर आधारित 'जैन हाउजी' रही, जिसने आगंतुकों को धर्म के साथ मनोरंजन से जोड़ा। इसके अतिरिक्त महिलाओं और बच्चों के लिए आयोजित चेयर रेस, फैंसी ड्रेस और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका आभा मेहता, रेनू पामेचा एवं संगीता सिपानी ने निभाई। कड़े मुकाबले के बीच 3 से 7 आयु वर्ग में काव्य सेठिया प्रथम, अव्यान जैन व सुविधि लुणावत द्वितीय और चारवी रांका तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 8 से 12 आयु वर्ग में जेनिशा जैन ने प्रथम, हर्ष पटवारी ने द्वितीय और नय जैन व सुविधि बाघमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अंकित राज मेहता एवं डॉ. आभास भंसाली द्वारा किया गया, जिसमें ऋत्विक बोहरा ने प्रथम, आगम जैन ने द्वितीय और खुशी सिसोदिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। मेले के अंतिम चरण में रोमांचक लक्की ड्रा निकाला गया, जिसमें रतन लाल सिंघवी प्रथम, जयेश कोठारी द्वितीय और दक्ष जैन तृतीय विजेता घोषित किए गए, साथ ही 25 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। विद्यासागर मांगलिक धाम में संपन्न हुआ यह आयोजन न केवल अपनी भव्यता के लिए स्मरणीय रहेगा, बल्कि समाज को सात्विक जीवन शैली और पारंपरिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
