सदर थाना क्षेत्र के निम्बाहेड़ा मार्ग स्थित जिला एवं सेशन न्यायालय के सामने महाराणा प्रताप कॉलोनी में गुरुवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान मालिक और किरायेदार दोनों के कमरों में घुसे तथा करीब 25 लाख रुपए से अधिक के जेवरात और नगदी पार कर ले गए। वारदात रात करीब 2 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मकान मालिक निर्मल कुमार शर्मा व्यवसाय के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी इंदू बाला शर्मा पारिवारिक कार्यक्रम के चलते सलूंबर गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने मुख्य द्वार की खिड़की की जाली और लोहे की रॉड काटकर घर में प्रवेश किया। घर के भीतर पहुंचने के बाद चोरों ने अलमारी के लॉकर को निशाना बनाया और करीब 12 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए जेवरात में कान के एयरिंग, मांगलिया, गोखरू, रकड़ी, भुजबंद, दो चैन, दो अंगूठी और छह लॉन्ग शामिल हैं।

चोर डेढ़ किलो चांदी के जेवर भी साथ ले गए, जिनमें पायल, बिछुड़िया और चांदी के सिक्के शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा घर में रखे 50 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए। मकान मालिक के अनुसार चोरी हुए सोने के आभूषणों की कीमत करीब 18.96 लाख रुपए तथा चांदी के जेवरों की कीमत करीब 6.40 लाख रुपए आंकी गई है।

वारदात के दौरान चोरों ने मकान की पहली मंजिल पर रह रहे किरायेदार नरेंद्र तंबोली को भी निशाना बनाया। नरेंद्र तंबोली कार शोरूम में मैनेजर हैं। उनके अनुसार चोर उनके पर्स से 20 हजार रुपए तथा उनकी पत्नी के पर्स से 2 हजार रुपए निकाल ले गए।

सुबह करीब 4 बजे किरायेदार परिवार की नींद खुली तो घर के दरवाजे बाहर से बंद मिले। शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीआईडीसीबी के डॉग स्क्वायर्ड प्रिंस की सहायता से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच जिला एवं सेशन न्यायालय के सामने स्थित कॉलोनी में हुई इस बड़ी वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story