चित्तौड़गढ़ में लग्जरी व स्लीपर बसों पर बड़ी कार्रवाई, औचक निरीक्षण में दो बसों के चालान, एक बस सीज
चित्तौड़गढ़ में लग्जरी और स्लीपर बसों के औचक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की जांच हुई। कार्रवाई में दो बसों के चालान और एक बस सीज की गई।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में संयुक्त निरीक्षण दल के साथ औचक निरीक्षण करतीं विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक नजर आ रही हैं।
चित्तौड़गढ़। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों, बसों में आग लगने की घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बीच लग्जरी और स्लीपर बसों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने बसों का औचक निरीक्षण किया।
सचिव योगिता पारीक ने बताया कि अभियान के तहत जिला कलक्टर से समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया गया। इस टीम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार काबरा, अतिरिक्त उपनिरीक्षक यातायात पुष्पराज, हरिगोविंद गुर्जर, परिवहन निरीक्षक रविन्द्र झूरिया तथा प्राधिकरण कार्मिक नवीन शर्मा और जसवंत टेपण शामिल रहे।
संयुक्त निरीक्षण दल ने विभिन्न स्थानों पर संचालित स्लीपर और लग्जरी बसों की जांच की। निरीक्षण के दौरान बसों की लंबाई, स्लीपर की लंबाई, अग्निशमन यंत्र, हैमर, आपातकालीन निकास, सीट क्षमता, वाहनों की फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान जो बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाई गईं, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया तथा चालान भी काटे गए। सचिव योगिता पारीक ने बताया कि अभियान के दौरान दो बसों के चालान किए गए, जबकि एक बस को सीज कर दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया यह अभियान सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर प्रशासन की सख्ती को दर्शाता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
