चित्तौड़गढ़: विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बाल सुधार गृहों का निरीक्षण किया
सचिव सुनील कुमार गोयल ने भगवती बाल गृह और राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में सुरक्षा, भोजन और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ के भगवती बाल गृह में व्यवस्थाओं का जायजा लेते जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल (मध्य), अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चांपावत और अन्य अधिकारी।
चित्तौड़गढ़ में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष मानसिंह चुण्डावत के निर्देशानुसार प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने बस्सी स्थित भगवती बाल गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बालगृह में उपस्थित बालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, जिसमें भोजन, साफ-सफाई और पानी की स्थिति शामिल रही, का विस्तृत परीक्षण किया गया।
सचिव सुनील कुमार गोयल ने भगवती बाल गृह में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीसीटीवी निगरानी और कर्मचारियों के सत्यापन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देते हुए आहार चार्ट, चिकित्सा रिकॉर्ड तथा मानसिक स्वास्थ्य सहायता से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत, डॉ हरिओम लढ्ढा एवं बालगृह के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चांपावत ने बुधवार को राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिशु, बालक-बालिका कुल 12 उपस्थित पाए गए। न्यायिक अधिकारियों ने बालकों से संवाद स्थापित कर वहां की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। भोजन, साफ-सफाई और पीने के स्वच्छ पानी सहित समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जो संतोषजनक पाई गईं।
प्राधिकरण सचिव गोयल ने विधि से संघर्षरत बालकों के लिए जमानत आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा उन्हें अच्छी पुस्तकों के अध्ययन और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष बाल कल्याण समिति प्रियंका पालीवाल, डॉ अमित श्रीवास्तव, अधीक्षक चंद्रप्रकाश जीनगर एवं सम्प्रेक्षण गृह के कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण बाल संरक्षण संस्थानों में पारदर्शिता, सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
