चित्तौड़गढ़। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किशोर विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित अभिनव एवं महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार” के तहत जिले में निरंतर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक दिन बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा जैसे गंभीर विषयों पर बच्चों को जागरूक किया जा रहा है, जिसका संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जा रहा है।

इसी क्रम में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मानसिंह चुण्डावत के निर्देशानुसार तथा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल के नेतृत्व में माह के प्रथम मंगलवार को महात्मा गांधी राउमावि स्टेशन में विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई और बच्चों की प्राप्त शिकायतों का सरल एवं स्पष्ट भाषा में निराकरण भी किया गया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सचिव सुनील कुमार गोयल ने कहा कि बाल विवाह एक कानूनन अपराध है और इसे करवाने वाले माता-पिता, पंडित तथा इसमें शामिल होने वाले अतिथियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही का प्रावधान है। उन्होंने घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यह हिंसा केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक, आर्थिक और मौखिक रूपों में भी होती है। लोक-लाज के कारण महिलाएं अक्सर चुप रहती हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए महिला संरक्षण अधिनियम 2005 के तहत मुफ्त कानूनी सहायता एवं आश्रय की व्यवस्था उपलब्ध है।

सचिव ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी बाल विवाह की तैयारी हो रही हो या किसी महिला के साथ घरेलू हिंसा हो रही हो तो तुरंत इसकी सूचना दें, क्योंकि एक सूचना एक जीवन बचा सकती है। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1091, पुलिस सहायता 112 तथा नालसा हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी।

शिविर के दौरान पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत एवं अधिवक्ता आयुषी गहलोत ने भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया। “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार” कार्यक्रम के तहत जिले में एलएडीसी, पैनल अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वालंटियर द्वारा जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों के विद्यालयों में लगातार विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी श्रृंखला में हैड पीएलवी कुसुम मेनारिया द्वारा सरस्वती पब्लिक स्कूल कुंभानगर एवं महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेंथी में, पीएलवी नानकलाल भील द्वारा रामावि पाडावास एवं बाल विहार स्कूल मेघपुरा में तथा पीएलवी असरीन एवं हरीश बारेठ द्वारा चित्रगुप्त सेकेंडरी स्कूल में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन सभी शिविरों में विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति भी रही।

इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में कानूनी समझ विकसित करने, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय रहते सही कदम उठाने की प्रेरणा दी जा रही है, जिससे समाज में जागरूकता और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story