चित्तौड़गढ़: भारतीय मजदूर संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बिड़ला और आदित्य सीमेंट प्लांट के श्रमिकों ने न्यूनतम वेतन, ईएसआई अस्पताल और सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने सहित 14 सूत्रीय मांगें सरकार के समक्ष रखीं।

चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्ट्रेट के बाहर भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी और श्रमिक अपनी 14 सूत्रीय मांगों का बैनर प्रदर्शित करते हुए ज्ञापन देने पहुंचे।
चित्तौड़गढ़ में श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर ज्ञापन सौंपा गया। बिड़ला चंदेरिया सीमेन्ट खदान ठेका श्रमिक के 14 सूत्रीय मांग पत्र सहित बिड़ला चंदेरिया प्लांट मजदूर संघ, आदित्य पैंकिंग प्लांट मजदूर संघ और आदित्य सीमेन्ट मजदूर संघ के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री व श्रम मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को यह ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में समस्त श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से उजागर करते हुए ठेका कर्मचारी लगाने वाली संस्थान का पंजीयन ठेका श्रम अधिनियम के तहत सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही स्थायी प्रवृति के कार्य ठेके के माध्यम से नहीं करवाने, कार्यरत श्रमिकों को पहचान पत्र व नियुक्ति पत्र प्रदान करने तथा सरकार के मापदंड अनुसार न्यूनतम वेतन का भुगतान प्रत्येक माह की 7 तारीख को सरकारी अधिकारी व श्रम संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
इसके अतिरिक्त सेवापूर्ण कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति लाभ दिलाने, ओवर टाईम का भुगतान शीघ्र करवाने, श्रमिकों के कार्ड बनवाकर उनके लाभ दिलाने, समान काम के लिए समान वेतन देने तथा श्रमिकों का सामूहिक बीमा समय पर कर उसके लाभ उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। सीमेन्ट प्लांट के श्रमिकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने और सीमेंट प्लांट में वेज बोर्ड लागू करवाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
ज्ञापन में प्रत्येक जिले में ईएसआई अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने, वेतन सीमा बढ़ाकर 40 हजार करने, न्यूनतम पेंशन 20 हजार करने, मेडिकल बीमा पॉलिसी की सीमा बढ़ाने व परिवार को सम्मिलित करने तथा स्थायी कर्मचारियों को प्लांट के समीप आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांगों को भी तत्काल प्रभाव से पूरा करने की अपील की गई।
इस दौरान सागरमल टांक, रतनलाल शर्मा, कमलेश तिवारी, भुवनेश सेन, शैतानसिंह, सुरेश गुर्जर, जयदेव नाथ, जसवंत सिंह, गणपतसिंह, भीम सिंह, तुलसीराम मेनारिया, महेन्द्रपाल मीणा, चरणसिंह मीणा और योगेश सुखवाल सहित कई मजदूर संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह ज्ञापन श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
