कराटे चैंपियनशिप में चित्तौड़गढ़ के 13 खिलाड़ियों का जलवा, सभी ने जीते पदक
चित्तौड़गढ़ के 13 कराटे खिलाड़ियों ने कोलकाता की इंटरनेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

तस्वीर में कोलकाता में आयोजित इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप के दौरान गले में स्वर्ण पदक पहने और हाथ में तिरंगा थामे नजर आ रहा चित्तौड़गढ़ का एक युवा कराटे खिलाड़ी।
चित्तौड़गढ़ के युवा कराटे खिलाड़ियों ने कोलकाता में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप इंडियन चैलेंजर कप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित श्रीलंका, मलेशिया, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश समेत कई देशों के करीब 8000 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के 13 खिलाड़ी मैदान में उतरे। सभी खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी कैटेगरी में पदक जीतकर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
सब जूनियर वर्ग में फेरिया ने कांस्य पदक, माहेनूर शेख ने कांस्य पदक, अयांश कौशिक ने रजत पदक, जीशान शेख ने कांस्य पदक और रुद्राक्ष बैरवा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जूनियर वर्ग में एकांश अगनानी और धू्रव गौर ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। वहीं देवांश अमरवाल ने रजत पदक तथा जतिन लोढ़ा और पीयूष गाडरी ने कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कैडेट वर्ग में फैज़ान अंसारी और किरण कुमावत ने रजत पदक हासिल किए, जबकि रोचित कुमावत ने कांस्य पदक जीतकर जिले की पदक तालिका में योगदान दिया। अलग-अलग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, तकनीक और बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा साबित की।
प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया श्रीशंकाई शीटों कराटे डू फेडरेशन अध्यक्ष हांसी प्रेमजीत सेन के नेतृत्व में किया गया। चित्तौड़गढ़ की वॉरियर्स एकेडमी के कोच मोहित वैष्णव और शाकिर हुसैन लंबे समय से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनकी कोचिंग में कई खिलाड़ी पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।
इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रशिक्षण का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। अब यही खिलाड़ी जल्द ही श्रीगंगानगर में होने वाली स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
