कपासन में 380 किलो अवैध डोडा चूरा जप्त, नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर
चित्तौड़गढ़ के कपासन में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने स्कॉर्पियो से 22 बोरे डोडा चूरा बरामद किया, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

कपासन। राजस्थान में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध छेड़े गए 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के अंतर्गत कपासन थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने सोमवार रात्रि को नाकाबंदी के दौरान एक स्कार्पियो गाड़ी से 380 किलोग्राम अधकूचला डोडा चूरा बरामद किया है। हालांकि, पुलिस को चकमा देकर गाड़ी में सवार दो तस्कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे।
यह महत्वपूर्ण कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दी गई। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक हरजी लाल यादव के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) मनीष शर्मा मय जाप्ता सोमवार रात रामथली शनिमहाराज रोड पर सघन नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी वहां पहुंची। चालक ने पुलिस को देख वाहन की गति और बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़ते हुए वहां खड़े एक निजी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में स्कार्पियो का टायर टूटकर अलग हो गया, जिससे वाहन वहीं रुक गया।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की, किंतु स्कार्पियो में सवार दो तस्कर गाड़ी छोड़कर पास के खेतों में ओझल हो गए। जब पुलिस बल ने क्षतिग्रस्त वाहन की तलाशी ली, तो उसमें लदे 22 प्लास्टिक के बोरों से 380 किलो अधकूचला डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त गाड़ी के भीतर से दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेटें भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और स्कार्पियो को तत्काल प्रभाव से जप्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक सुनील शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस की इस मुस्तैदी ने क्षेत्र में तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
