चित्तौड़गढ़। कपासन नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में हुए सियासी घटनाक्रम और क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। बहुमत के आंकड़े से आगे होने के बावजूद कांग्रेस का बोर्ड नहीं बन सका और भाजपा ने अध्यक्ष पद पर बाजी मार ली। इसके बाद कांग्रेस के 9 पार्षदों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। साथ ही जिला संगठन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी को भंग करने की मांग उठाई गई है।

इस्तीफे का ऐलान करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, कांग्रेस जिला संगठन मंत्री दिनेश चाष्टा, कपासन नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पवन शर्मा तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं अध्यक्ष पद प्रत्याशी उर्मिला मोदी के पति प्रमोद मोदी सहित कांग्रेस के 9 पार्षद शामिल हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण प्रक्रिया पर भी कई तीखे सवाल खड़े किए।

बहुमत कांग्रेस के पास, फिर भी भाजपा ने बनाई सरकार

कपासन नगरपालिका के दलीय गणित में कांग्रेस के पास स्पष्ट बढ़त थी। निकाय में कांग्रेस के 13 पार्षद और भाजपा के 10 पार्षद जीतकर आए थे। ऐसे में कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि अध्यक्ष पद के चुनाव में मतदान के दौरान पूरा समीकरण बदल गया।

कांग्रेस के 13 में से 4 पार्षदों और 2 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। इसके चलते कम संख्या बल होने के बावजूद भाजपा अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही।

चार कांग्रेस पार्षदों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप

पार्टी विरोधी गतिविधियों और क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस नेताओं और वफादार पार्षदों ने सार्वजनिक रूप से चार कांग्रेस पार्षदों पर आरोप लगाए। इनमें वार्ड नंबर 18 से कांता खटीक, वार्ड नंबर 11 से नीतू ईनाणी, वार्ड नंबर 16 से सरस्वती बारेगामा और वार्ड नंबर 22 से अनिल मोची शामिल हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इन चारों पार्षदों ने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया। इसके साथ ही 2 निर्दलीय पार्षदों की क्रॉस वोटिंग का भी उल्लेख किया गया, जिसके चलते कांग्रेस के हाथ से बना-बनाया बोर्ड निकल गया।

9 पार्षदों ने इस्तीफे का ऐलान किया, जिलाध्यक्ष पर लगाए आरोप

भीतरघात के आरोपों से आक्रोशित कांग्रेस के 9 पार्षदों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला लिया। इस्तीफा देने का ऐलान करने वाले पार्षदों में लाल प्रसाद पुर्बिया, लोकेश राव, मनोहर लाल भील, उर्मिला मोदी, मोहम्मद रफीक, अशफाक तुरकिया, अनीता शर्मा, रवि आचार्य और शांति देवी शामिल हैं।

इन पार्षदों सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया कि गलत प्रत्याशियों का चयन ही इस पराजय की मुख्य वजह बना। कार्यकर्ताओं का कहना है कि टिकट वितरण में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई। उनके अनुसार, इसी का परिणाम रहा कि चुनाव के अहम मौके पर पार्षदों ने पार्टी के खिलाफ मतदान किया।

कपासन नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा के बोर्ड बनने के बाद सामने आए इस घटनाक्रम ने जिला कांग्रेस संगठन के भीतर असंतोष को सार्वजनिक कर दिया है। क्रॉस वोटिंग के आरोप, 9 पार्षदों के इस्तीफे का ऐलान और जिला कांग्रेस कमेटी को भंग करने की मांग ने चुनावी परिणाम के बाद पार्टी के भीतर चल रहे विवाद को और प्रमुख बना दिया है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story