चित्तौड़गढ़: कल्लाजी वेदपीठ के फागोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, रचा नया इतिहास
मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में फाल्गुन शुक्ला पूर्णिमा पर 51 प्रकार के फूलों और अबीर-गुलाल से भव्य होली का आयोजन किया गया।

चित्तौड़गढ़ स्थित श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में आयोजित भव्य फागोत्सव के दौरान ठाकुर जी को 56 भोग और गुलाल अर्पित कर होली मनाते श्रद्धालु और वेदपीठ के पदाधिकारी।
चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ की ओर से अपनी परंपरा अनुसार होलिका दहन के द्वितीय दिवस फाल्गुन शुक्ला पूर्णिमा को आयोजित भव्य फागोत्सव ने कल्यानगरी में नया इतिहास रचा। इस मौके पर मंदिर परिसर में आयोजित फागोत्सव ने बृज की होली की अनुभूति कराते हुए हजारों कल्याण भक्तों को सतरंगी अबीर गुलाल और 51 प्रकार के फूलों से खेली गई होली से ऐसा रंग जमा मानो भक्त और भगवान एकाकार हो गए हों।
भक्ति और रंगों का अनूठा संगम
इस मौके पर ठाकुर जी को 56 भोग की तरह नानाविध प्रकार के अबीर, गुलाल, पुष्प एवं इत्र न्यौछावर किए गए। जब प्रसिद्ध भजन गायक मुख्य रसिया गायन सरवानिया, सुप्रसिद्ध गायिका दीप दाधीच, अखिलेश ठाकुर, हनुमान प्रसाद शर्मा एवं साथियों द्वारा फाल्गुनी रसिया की तर्ज पर ठाकुर जी का आह्वान करते हुए अपने ही अंदाज में "होली खेलो तो कल्लाजी वेदपीठ आइजो जी" सुनाकर वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। इस बीच हजारों भक्तों ने अपने आराध्य को अबीर, गुलाल के साथ प्राकृतिक पलाश के फूलों के रंग से सराबोर करने के साथ ही ठाकुर जी की ओर से भी भक्तों पर जब पुष्प और गुलाल की वर्षा की गई, तो मनोहारी दृश्य देखते ही बनता था।
भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
इस बीच गायकों ने "होलिया में उड़े रे गुलाल कल्लाजी थारा मन्दिर में" भक्तों को सुनाकर भक्तों को नृत्य करने के लिए विवश कर दिया। हर कोई भक्त अपने ही अंदाज में होली मनाने अपने आराध्य से सच्ची श्रद्धा भावना से जुड़कर कल्याण के रंग में रंगने को विवश हो गया। लगभग 3 घंटे चले फागोत्सव के दौरान भक्तों की मौज-मस्ती देखने योग्य थी। हर भक्त ठाकुर जी के रंग में रंग कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा था।
जन-जन की भागीदारी और ऐतिहासिक आयोजन
फागोत्सव के पश्चात समस्त भक्तों को वेदपीठ की ओर से प्रसाद वितरण किया गया। फागोत्सव के इस भव्य आयोजन में वेदपीठ के आचार्याे, बटुकों, पदाधिकारियों, वीर-वीरांगनाओं, कृष्णा शक्तिदल की माता बहनों, शक्ति दल की बालिकाओं, कल्यानगरीवासियों सहित आसपास के गांवों एवं हजारों कल्याण भक्तों ने सहभागिता निभाते हुए पिछले कई वर्षों के फागोत्सव के रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
