दुर्ग स्थित प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर की गौशाला में एक विशालकाय कोबरा सांप घुस आया। सांप को देखते ही गौशाला में मौजूद गायें बिदकने लगीं, जबकि वहां कार्यरत सेवादारों और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह कालिका माता मंदिर की गौशाला में सेवा कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक विशालकाय कोबरा सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। गौशाला में सांप होने की सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारी लाल सिंह बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचे।

आमतौर पर ऐसे मामलों में वन विभाग अथवा स्नेक कैचर की सहायता ली जाती है, जिसमें काफी समय लग सकता था। इस दौरान किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तथा गायों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुजारी लाल सिंह ने स्वयं स्थिति को संभालने का निर्णय लिया।

उन्होंने बिना घबराए, शांत दिमाग और अपने स्तर पर पारंपरिक व सुरक्षित तरीके से खतरनाक कोबरा सांप को काबू में करने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ मिनटों की मशक्कत के बाद पुजारी लाल सिंह ने कोबरा को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू के बाद पुजारी लाल सिंह कोबरा सांप को मंदिर परिसर से दूर दुर्ग के एक सुनसान और सुरक्षित जंगली क्षेत्र में ले गए, जहां उसे मुक्त कर दिया गया, ताकि वह इंसानी आबादी और मवेशियों से दूर प्राकृतिक वातावरण में रह सके।

मंदिर परिसर की गौशाला में निकले इस विशालकाय कोबरा के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते किए गए सुरक्षित रेस्क्यू से संभावित खतरा टल गया। पुजारी लाल सिंह की तत्परता और साहस के चलते गायों, सेवादारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story