चित्तौड़गढ़: किशोर गृह का निरीक्षण, सुविधाओं व जमानत प्रक्रिया सुधार पर दिए निर्देश
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों को अधिकारों के प्रति जागरूक कर जमानत प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ में मंगलवार को राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह के औचक निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों की समीक्षा करते अपर जिला न्यायाधीश शरद कुमार व्यास (बाएं) और प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक (दाएं)।
चित्तौड़गढ़ में विधिक सेवा तंत्र के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें बच्चों की देखरेख, सुविधाओं और सुधारात्मक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मानसिंह चूंडावत के निर्देशानुसार यह निरीक्षण प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रमांक-01 शरद कुमार व्यास द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में 17 शिशु, बालक एवं बालिकाएं उपस्थित पाए गए। अधिकारियों ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, उपलब्ध सुविधाओं तथा संस्थान में दी जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया, जो संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने विधि से संघर्षरत बालकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जमानत आवेदन प्रस्तुत कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करते हुए अच्छी पुस्तकों के अध्ययन और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर संस्थान में मौजूद प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट पूनम सेन, अधीक्षक चंद्रप्रकाश जीनगर, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति प्रियंका पालीवाल तथा सम्प्रेक्षण गृह के कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समग्र व्यवस्था को बच्चों के हित में और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया, जिससे उनके पुनर्वास एवं विकास की दिशा को सशक्त किया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
