शक्ति और भक्ति की पावन धरा चित्तौड़गढ़ के दिवाकर मार्ग पर जैन दिवाकर चौथमल म.सा. की स्मृति में नवनिर्मित 'दिवाकर स्तंभ' का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मुख्य आतिथ्य एवं डॉ. आई एम सेठिया व किरण डांगी के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित इस गौरवमयी कार्यक्रम ने संपूर्ण क्षेत्र को धर्ममय आभा से सराबोर कर दिया। राजेश सेठिया और सुधीर जैन के कुशल संयोजन में आयोजित इस समारोह को अनुष्ठान आराधिका साध्वी डॉ. कुमुदलता, स्वर साम्राज्ञी साध्वी डॉ. महाप्रज्ञा, साध्वी डॉ. पदमकीर्ति एवं राजकीर्ति की पावन निश्रा प्राप्त हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र की सामूहिक स्तुति के साथ हुआ, जिसके पश्चात साध्वी डॉ. कुमुदलता ने मांगलिक श्रवण करवाया। मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने विधिवत मोली बंधन खोलकर जैन दिवाकर स्तंभ का अनावरण किया। इस अवसर पर प्रताप सर्किल को जैन ध्वजाओं से सजाया गया था तथा स्तंभ के चारों ओर निर्मित आकर्षक रंगोली और कृत्रिम रंगीन फूलों की सजावट ने पूरे वातावरण को नयनाभिराम बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित जैन श्रावक-श्राविकाओं ने "जग में चमके जैन दिवाकर" और "चमक रहा भाई चमक रहा जैन दिवाकर चमक रहा" के गगनभेदी जयघोष किए, जिससे आयोजन स्थल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

स्थापत्य की दृष्टि से यह स्तंभ तीन विशिष्ट भागों में विभक्त है। इसके ऊपरी भाग में चारों दिशाओं में पूज्य गुरुदेव जैन दिवाकर चौथमल म.सा. का विशाल चित्र प्रतिष्ठित किया गया है, जो रात्रि के समय भी दूधिया रोशनी में प्रकाशमान रहेगा। मध्य स्तंभ पर जैन धर्म के पवित्र चिन्हों के साथ 'परम्परा जीवनाग्रहम' अंकित है, जबकि आधार स्तंभ की दो दिशाओं में नवकार मंत्र और एक दिशा में पूज्य चौथमल जी का प्रेरक जीवन परिचय उकेरा गया है।

लोकार्पण के उपरांत शहीद स्मारक पार्क में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए साध्वी डॉ. कुमुदलता ने कहा कि उनकी विहार यात्रा संपन्न होने तक मार्ग में दिवाकर गुरु के नाम से दस नए सर्किल अथवा स्थान बनाने के संकल्प की यह एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से अन्य सामाजिक संस्थाएं प्रेरित होंगी, जिसका दूरगामी लाभ समाज को मिलेगा। साध्वी श्री ने विधायक आक्या और नगर परिषद चित्तौड़गढ़ की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह स्तंभ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और धर्मावलंबियों के लिए अटूट आस्था का केंद्र सिद्ध होगा।

समारोह में संगीता चिप्पड़, स्मिता तरावत, अर्पित बोहरा, कुलदीप सिरोया, पुलिस उप अधीक्षक दिनेश सुखवाल, अनिल पोखरना, नरेश भड़कत्या, राजेश पगारिया, अभय संजेती, डॉ. आर एल मारू, राकेश पटवारी, वीरेंद्र पगारिया, सुरेश मेहता, मुकेश चिप्पड़, पारस डांगी, प्रदीप बाबेल, प्रदीप भड़कत्या, अनिल नाहर, मनसुख पटवारी, विमला सेठिया, सरोज नाहर, दिलखुश खेरोदिया, आशा चिप्पड़, अजीत नाहर, अशोक छाजेड़, रोशन लाल चिप्पड़, अतुल शिशोदिया, प्रकाश नाहर, विजय मालू, पवन पटवारी, नरेंद्र पोखरना, अनिल शिशोदिया, बलवंत बाघमार, प्रो. सी एम रांका, राकेश सेठिया, निलेश पटवारी, अशोक लोढ़ा, प्रवीण जैन, सुदर्शन बोलिया, प्रवीण बोहरा, मनोहर लाल सेठिया, सुनील बोहरा, अनिल भड़कत्या, गणपत डागलिया, नवीन पटवारी, विकास भड़कत्या, सुनील सिपानी एवं अपुल चिप्पड़ सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story