जिला कारागृह का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और विधिक सहायता व्यवस्था की परखी हकीकत
प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने जेल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर बंदियों से संवाद किया और विधिक सहायता क्लिनिक की कार्यप्रणाली की जांच की।

चित्तौड़गढ़। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने मंगलवार को जिला कारागृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कारागृह में बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और विधिक सहायता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान सचिव सुनील कुमार गोयल ने कारागृह के रसोईघर, बैरक, शौचालय और स्नानागार का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा।
सचिव गोयल ने बंदियों की विधिक सहायता के लिए संचालित बंदी विधिक सहायता क्लिनिक के रजिस्टर की भी जांच की। उन्होंने सभी बंदियों को जेल में संचालित विधिक सहायता क्लिनिक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी बंदी की ओर से कोई वकील पैरवी नहीं कर रहा है अथवा उसे निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता है, तो वह विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि जिन बंदियों के जमानत आवेदन हो चुके हैं, उनके परिजनों से संपर्क कर जमानती पेश करवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि विधिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और बंदियों को समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक नरेन्द्र स्वामी, नवनियुक्त प्रशिक्षु न्यायाधिकारी तथा एलएडीसीएस असिस्टेंट अंकुश तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कारागृह व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ बंदियों को विधिक सहायता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग मिल सके।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
