चित्तौड़गढ़ में कड़ाके की ठंड और कोहरे का सितम: ठिठुरन के बीच थमी रफ्तार, स्कूलों में छुट्टी की घोषणा
चित्तौड़गढ़ में पश्चिमी विक्षोभ और शीतलहर का कहर जारी है। कड़ाके की ठंड और सीजन के पहले घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया। सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने से हेडलाइट के सहारे रेंग रहे वाहन। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम के बदलते मिजाज ने आम जनजीवन की लय बिगाड़ दी है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते समूचा जिला इन दिनों हाड़ कपाने वाली ठंड और शीतलहर की चपेट में है। पिछले एक सप्ताह से तापमान के पारे में निरंतर आ रही गिरावट ने स्थिति को गंभीर बना दिया है, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड के साथ-साथ दिन भर सूर्य देव के बादलों और धुंध की ओट में छिपे रहने से जनमानस में धुजणी छूटने लगी है। हाड़ कंपा देने वाली इस सर्दी से बचने के लिए शहर से लेकर गांवों तक लोग जगह-जगह अलाव तापते और भारी ऊनी वस्त्रों में लिपटे नजर आ रहे हैं।
भीषण ठंड के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और सुबह-शाम आवाजाही न के बराबर रह गई है। मौसम के इस तल्ख तेवर और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्रों के लिए शुक्रवार तक अवकाश घोषित कर दिया गया है, ताकि बच्चों को इस जानलेवा ठंड से बचाया जा सके।
शुक्रवार की सुबह इस सीजन के पहले घने कोहरे के साथ हुई, जिसने जिले की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को दिन के उजाले में भी हेडलाइट्स का सहारा लेना पड़ा। कोहरे की सफेद चादर ने पूरे क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हुआ है बल्कि दैनिक कामकाज पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है। प्रशासन और मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का यह तीखापन और पश्चिमी विक्षोभ का असर बरकरार रह सकता है, जिसने आम नागरिक की दिनचर्या को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
